‘भगवान राम का नहीं महाकाल का वीडियो देखो…’, पत्नी ने बात नहीं मानी तो पति ने तलवार से किया हमला
हजीरा पुलिस थाना, ग्वालियर
Ram Vs Mahakal Video Dispute: मध्य प्रदेश के ग्वालियर से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. जहां पति और पत्नी के बीच वीडियो देखने को लेकर विवाद हो गया. पत्नी भगवान राम का वीडियो देख रही थी लेकिन पति चाहता था कि वह बाबा महाकाल का वीडियो देखे. जब महिला ने बात नहीं मानी तो उसने तलवार से हमला कर दिया. इससे महिला गंभीर रूप से घायल हो गई.
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, पूरा मामला ग्वालियर जिले के हजीरा क्षेत्र का है. जहां रितू तोमर अपने घर पर भगवान राम का वीडियो मोबाइल पर देख रही थी. पति करणवीर तोमर इसे देखकर नाराज हो गया. उसने भगवान श्रीराम के वीडियो की जगह बाबा महाकाल का वीडियो देखने के लिए कहा. इस बात पर पत्नी ने कहा कि भगवान राम कितने प्यारे हैं, मैं इन्हीं का वीडियो देखूंगी. इससे नाराज होकर पति झगड़ने लगा. धीरे-धीरे बात इतनी बढ़ गई कि करणवीर ने धारदार तलवार से पत्नी पर हमला कर दिया.
कलाई पर लगी गहरी चोट
पति ने रितू की गर्दन पर वार कर दिया. खुद को बचाने के लिए उसने हाथ आगे बढ़ाया तो कलाई पर चोट आ गई. जब पत्नी समझ गई कि अब वह नहीं बच पाएगी तो उसने घर से भाग निकली. पति ने भी पीछे से दौड़ लगा दी और महिला के पैर के साथ-साथ गर्दन पर हमला कर दिया. खून से लथपथ हालत में पीड़िता पड़ोसी के घर में पहुंच गई. दरवाजा बंद कर लिया.
गंभीर हालत में होने के कारण महिला बेहोश होकर गिर पड़ी. पीड़िता को घायल हालत में जयारोग्य अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है.
ये भी पढ़ें: MP News: सुप्रीम कोर्ट की सख्ती के बाद हाईटेक पहरेदारी! रेत माफियाओं पर निगरानी के लिए 45 मीटर ऊंचा AI टावर तैनात
आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज
पति और पत्नी के बीच हुए विवाद के दौरान बच्चे भी वहां मौजूद थे. महिला की शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है. आरोपी पति की अब तक गिरफ्तारी नहीं हो सकी है.