दतिया उपचुनाव को लेकर हलचल हुई तेज! नरोत्तम मिश्रा ने खरीदा नामांकन पत्र, बीजेपी का आधिकारिक ऐलान बाकी
पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा
Datia By Election: दतिया उपचुनाव को लेकर हलचल तेज हो गई है. बीजेपी के कद्दावर नेता और पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्र ने नामांकन पत्र खरीद लिया है. भारतीय जनता पार्टी की ओर से इस बारे में अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. वहीं, बीजेपी और कांग्रेस ने अब तक उम्मीदवारों का ऐलान भी नहीं किया है. इसके साथ ही खबर सामने आ रही है कि कांग्रेस नेता अवधेश नायक ने भी नॉमिनेशन फॉर्म खरीदा लिया है.
नरोत्तम मिश्रा प्रबल दावेदार
दतिया विधानसभा उपचुनाव अब सिर्फ एक सीट का चुनाव नहीं, बल्कि प्रदेश की राजनीति की प्रतिष्ठा का सवाल बन चुका है. उम्मीदवारों के नाम पर मंथन अब भोपाल से निकलकर दिल्ली तक पहुंच गया है. कांग्रेस में कई नामों पर चर्चा है, जबकि बीजेपी में पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा सबसे प्रबल दावेदार माने जा रहे हैं.
दिल्ली में मंथन जारी
दतिया उपचुनाव को लेकर कांग्रेस में दिल्ली से लेकर भोपाल तक लगातार बैठकों का दौर जारी है. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी भी दिल्ली में मौजूद हैं. वहीं, राजेंद्र भारती से जुड़े घटनाक्रम और शोभा भारती के नाम की चर्चा ने दतिया की राजनीति को और गर्मा दिया है. पार्टी स्थानीय समीकरण, संगठन की राय और जीत की संभावना को ध्यान में रखकर उम्मीदवार तय करने में जुटी है. हालांकि कांग्रेस की ओर से अभी तक किसी नाम पर आधिकारिक मुहर नहीं लगी है.
8 बार विधायक रह चुके हैं
बीजेपी में तस्वीर लगभग साफ नजर आ रही है. पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा सबसे मजबूत दावेदार माने जा रहे हैं. आठ बार विधायक रह चुके डॉ. मिश्रा प्रदेश सरकार में गृह, विधि, जेल और संसदीय कार्य जैसे महत्वपूर्ण विभाग संभाल चुके हैं. चुनाव हारने के बाद भी उनकी संगठन में सक्रिय भूमिका बनी रही.
ये भी पढ़ें: ज्योतिरादित्य सिंधिया और CM मोहन यादव ने किया अदाणी डिफेंस प्लांट का शिलान्यास, 5 हजार लाेगों को मिलेगा रोजगार
इसी बीच नामांकन पत्र खरीदे जाने की जानकारी सामने आई. इसके बाद उनकी संभावित उम्मीदवारी को लेकर चर्चाएं और तेज हो गई हैं. हालांकि बीजेपी ने अभी तक अधिकृत प्रत्याशी की घोषणा नहीं की है. पार्टी की ओर से अंतिम फैसला केंद्रीय नेतृत्व के स्तर पर होना है.