‘बड़ों को बचाने छोटो को बनाया जा रहा निशाना…’, चंदा चोरी की जांच को लेकर अखिलेश ने साधा निशाना
अखिलेश यादव
Akhilesh Yadav Targets Big Officials: उत्तर प्रदेश के अयोध्या में राम मंदिर चढ़ावा चोरी का मामला इन दिनों सुर्खियों में है. एसआईटी की जांच में प्रतिदिन नए खुलासे हो रहे हैं. इसी बीच समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने चढ़ावा चोरी को लेकर बड़ा बयान दिया है. अखिलेश यादव ने कहा, एसआईटी सिर्फ और सिर्फ छोटे कर्मचारियों पर कार्रवाई कर रही है. बड़े पदों पर बैठे जिम्मेदार लोगों को बचाया जा रहा है. इस दौरान उन्होंने श्रीराम जन्मभूमि क्षेत्र ट्रस्ट के पूर्व महासचिव चंपत राय का भी जिक्र किया. पढ़ें अखिलेश यादव ने क्या कहा?
अखिलेश यादव ने एसआईटी पर सवाल उठाते हुए कहा, चंपत राय का नाम जांच रिपोर्ट में नहीं है, जिससे साफ लगता है कि उन्हें बचाया जा रहा है. सनातन धर्म में चढ़ावे की चोरी को सबसे बड़ा पाप माना जाता है. इस घटना ने पूरे सनातनी समाज की भावनाओं को ठेस पहुंचाई है. भगवान राम मर्यादा पुरुषोत्तम माने जाते हैं, उन्होंने समाज को मर्यादा में रहने का संदेश दिया था, लेकिन कुछ लोगों ने अपने निजी फायदे के लिए मर्यादा को तोड़ दिया.
भारत ही नहीं, विदेशी निवेश पर भी असरः अखिलेश यादव
उन्होंने कहा, चढ़ावे में कितनी गड़बड़ी हुई, इसका पूरा हिसाब भी अभी तक सामने नहीं आया है. हर दिन जांच में नई जानकारी सामने आ रही है. इस पूरे विवाद की वजह से न सिर्फ भारत, बल्कि विदेशी निवेश पर भी असर पड़ा है. इस दौरान अखिलेश यादव ने यह दावा किया है कि बड़े पद पर बैठे व्यक्ति पहले भी चंदे की नकली पर्चियां छपवा चुके हैं.
ये भी पढ़ेंः रिश्तेदारों के खाते में भेजते थे राम मंदिर चढ़ावा चोरी के पैसे… जांच एजेंसियों ने किया बड़ा खुलासा
पीएम की चुप्पी पर उठाए सवाल
अखिलेश यादव ने राम मंदिर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चुप्पी पर भी सवाल उठाए हैं. उन्होंने कहा कि पीएम का इतने बड़े मामले में खामोश रहना कई सवाल खड़े करता है. उन्होंने यह भी दावा किया कि अगर मंदिर परिसर में काम करने वाले सभी लोगों की कॉल डिटेल निकाली जाए, तो ज्यादातर नंबर भाजपा से जुड़े लोगों के ही मिलेंगे.