रायपुर को मिली बड़ी सौगात! रेलवे ने 175 करोड़ की परियोजना को दी मंजूरी, 250 इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव होमिंग की मिलेगी सुविधा
ट्रेन (फाइल फोटो)
Raipur News: भारतीय रेल ने छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में 250 इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव के लिए अतिरिक्त होमिंग सुविधाएं बनाने के लिए 175 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट को मंजूरी दी है. रेलवे की ओर से ये जानकारी शुक्रवार (10 जुलाई) को दी गई. यह लोकोमोटिव रखरखाव अवसंरचना को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है. इसके अंतर्गत दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर स्थित हाई हॉर्स पावर (HHP) डीजल शेड में 250 थ्री फेज इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव के लिए अतिरिक्त होमिंग सुविधाएं बनाने की मंजूरी दी है.
होमिंग का क्या मतलब है?
होमिंग का मतलब किसी लोकोमोटिव को लोकोमोटिव शेड में जगह देने से है, जो उसके प्राथमिक रखरखाव केंद्र के रूप में कार्य करता है. होमिंग शेड की सुविधा लोकोमोटिव के निर्धारित रखरखाव, सुरक्षा निरीक्षण, मेंटेनेंस और पूरी देखभाल के लिए होती है. इससे लोकोमोटिव के सुरक्षित और कुशल संचालन सुनिश्चित हो सके. ये परियोजना भारतीय रेलवे द्वारा इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव बेड़े के तेजी से विस्तार और पूरे नेटवर्क में माल ढुलाई तथा यात्री परिचालन में वृद्धि के अनुरूप रखरखाव बुनियादी ढांचे को बढ़ाने की दिशा में चल रहे प्रयासों के तहत स्वीकृत की गई है.
इन अतिरिक्त होमिंग सुविधाओं से भारतीय रेलवे को रायपुर डिपो में मौजूदा बुनियादी ढांचे का बेहतर उपयोग करने में मदद मिलेगी. इसके साथ ही भविष्य में तकनीकी विस्तार के लिए आवश्यक स्थान भी उपलब्ध होगा.
डबल इंजन सरकार के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में रेलवे अधोसंरचना अभूतपूर्व गति से सशक्त हो रही है।
— Vishnu Deo Sai (@vishnudsai) July 10, 2026
रायपुर में 250 इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव के लिए अतिरिक्त होमिंग सुविधाओं के निर्माण हेतु ₹175 करोड़ की परियोजना को स्वीकृति प्रदान करने के लिए यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी एवं…
सीएम विष्णुदेव साय ने जताई खुशी
रायपुर को मिली सौगात पर सीएम विष्णु देव साय ने खुशी जताई है. सोशल मीडिया साइट एक्स पर पोस्ट करके लिखा कि डबल इंजन सरकार के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में रेलवे अधोसंरचना अभूतपूर्व गति से सशक्त हो रही है. रायपुर में 250 इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव के लिए अतिरिक्त होमिंग सुविधाओं के निर्माण हेतु 175 करोड़ रुपये की परियोजना को स्वीकृति प्रदान करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का हार्दिक आभार.
ये भी पढ़ें: CG News: छत्तीसगढ़ के 80 हजार टीचर्स को राहत! अब TET 31 अगस्त 2028 तक पास कर सकेंगे
उन्होंने पोस्ट में आगे लिखा कि यह महत्वपूर्ण परियोजना माल एवं यात्री परिवहन की दक्षता बढ़ाने के साथ-साथ लोकोमोटिव रखरखाव क्षमता को भी सुदृढ़ करेगी. साथ ही यह छत्तीसगढ़ को देश के प्रमुख रेल, औद्योगिक एवं लॉजिस्टिक्स हब के रूप में स्थापित करने और विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को नई गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि सिद्ध होगी.