Bhopal News: भोपाल में अतिक्रमण पर निगम की सख्ती, खुले में बिक रहा मीट किया नष्ट, कई इलाकों से सामान जब्त

Bhopal News: भोपाल के पुराने शहर में नगर निगम ने अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर फैले अवैध कब्जों को हटाया.
Bhopal Municipal Corporation cracks down on encroachments.

भोपाल में नगर निगम ने अतिक्रमण पर दिखाई सख्‍ती

Bhopal News: भोपाल के पुराने शहर में नगर निगम ने अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर फैले अवैध कब्जों को हटाया. इस दौरान खुले में बेचे जा रहे चिकन और मीट को नियमों के उल्लंघन के चलते नष्ट कराया गया. साथ ही घरेलू गैस सिलेंडर, टेबल, कुर्सियां, काउंटर समेत बड़ी मात्रा में अन्य सामान भी जब्त किया गया.

शाम से रात तक चला अभियान

नगर निगम के सांयकालीन अतिक्रमण निरोधक दस्ते ने शाम करीब 6 बजे जहांगीराबाद क्षेत्र से अभियान शुरू किया, जो रात 10 बजे तक लगातार चला. कार्रवाई के दौरान मुर्गी बाजार, चिकलोद रोड, एस्टल कॉलेज चौराहा, बरखेड़ी चौराहा और बरखेड़ी फाटक समेत कई इलाकों में सड़क और फुटपाथ पर किए गए अतिक्रमण हटाए गए.

ठेले, बोर्ड और अन्य सामान जब्त

अभियान के दौरान सड़क किनारे लगाए गए ठेले, सब्जी विक्रेताओं का सामान, दुकानों के बाहर रखे बोर्ड, लाइटें, कैरेट, टेबल-कुर्सियां और अन्य सामग्री जब्त की गई. पूरे अभियान के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जहांगीराबाद थाना पुलिस भी मौके पर मौजूद रही.

खुले में बिक रहा मीट कराया नष्ट

अतिक्रमण अधिकारी नासिर खान ने बताया कि निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर खुले में चिकन और मीट बेचा जा रहा था, जबकि नियमानुसार इसे कांच के सुरक्षित कवर में रखा जाना चाहिए ताकि खाद्य सामग्री प्रदूषित न हो. नियमों का पालन नहीं मिलने पर खुले में रखा मीट फिनाइल डालकर नष्ट कराया गया.

नाले पर दुकान लगाने वालों को चेतावनी

बरखेड़ी फाटक के पास कुछ दुकानदार नाले के ऊपर दुकान लगाकर सामान बेचते मिले. अधिकारियों ने उन्हें ऐसा नहीं करने की चेतावनी देते हुए बताया कि इससे किसी भी समय दुर्घटना हो सकती है. कार्रवाई के दौरान कुछ व्यापारियों ने विरोध भी किया, लेकिन पुलिस बल की मौजूदगी में निगम का अभियान बिना किसी रुकावट के पूरा किया गया.

ये भी पढे़ं- 100 साल पुराने आशियाने से परिवार बेदखल, मुरैना में सड़क पर सामान रखकर किया चक्काजाम

ज़रूर पढ़ें