CG Monsoon Session: छत्तीसगढ़ विधानसभा के चौथे दिन 3 विधेयक पारित, ईज ऑफ डूइंग बिजनेस बिल भी शामिल
गृह मंत्री विजय शर्मा ने सदन में अग्निशमन आपातकालीन सेवा संस्थान विधेयक पेश किया
CG Monsoon Session: छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र के चौथे दिन तीन महत्वपूर्ण विधेयकों को पारित कर दिया गया. डिप्टी सीएम और गृह मंत्री विजय शर्मा ने सदन में अग्निशमन आपातकालीन सेवा संस्थान विधेयक पेश किया. वहीं, उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने औद्योगिक निवेश प्रोत्साहन संशोधन विधेयक और ईज ऑफ डूइंग बिजनेस विधेयक 2026 प्रस्तुत किया था. तीनों बिलों को पारित कर दिया गया है.
छत्तीसगढ़ पहला राज्य बना
ईज ऑफ डूइंग बिजनेस विधेयक पारित करने वाला छत्तीसगढ़ देश का पहला राज्य बन गया है. इससे राज्य में औद्योगिक और व्यावसायिक गतिविधियों को नया आयाम मिलेगा. नई इकाईयों को स्थापित करने में आसानी होगी. इसके लिए राज्य सरकार ने कई स्तरों पर बदलाव किया है. इससे व्यवसायों को स्थापित करने में आसानी होगी और रोजगार में वृद्धि होगी.
इसके साथ ही औद्योगिक निवेश प्रोत्साहन संशोधन विधेयक पेश किया गया. प्रदेश के उद्योगों में निवेश को बढ़ावा देने के लिए ये बिल अहम है. इसके माध्यम से सरकार राज्य में निवेश के लिए नीतियों को लचीला बनाने पर काम करेगी. इमरजेंसी स्थितियों (आग लगने आदि) से निपटने के लिए अग्निशमन आपातकालीन सेवा संस्थान विधेयक लाया गया है. फायर ब्रिगेड व्यवस्था को मजबूत करने पर ध्यान दिया जाएगा.
मानसून सत्र का चौथा दिन हंगामेदार रहा
मानसून सत्र का चौथा दिन हंगामेदार रहा. नवा रायपुर के सेवाग्राम परियोजना को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष में तीखी नोक-झोंक देखने को मिली. बीजेपी विधायक अजय चंद्राकर ने सेवाग्राम पर 200 करोड़ रुपये खर्च किए जाने को लेकर इसे एक व्यक्ति की स्वेच्छाचारिता का परिणाम बताया. सदन में वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने बताया कि इसे बनाने का निर्णय 10 अप्रैल 2022 को लिया गया था.
इस पूरे मामले में अजय चंद्राकर और पूर्व सीएम भूपेश बघेल के बीच तू-तू मैं-मैं देखने को मिली. बघेल ने कहा कि वर्धा के सेवाग्राम की तर्ज पर इसे नवा रायपुर में संचालित किया जा रहा है. वर्तमान सरकार ने भी इसे आगे बढ़ाया है.