लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर क्रांति गौड़ ने रचा इतिहास, ऑनर्स बोर्ड पर दर्ज हुआ नाम, बताया परिवार के लिए सबसे बड़ा पल
क्रांति गौड़
Kranti Gaud: भारत और इंग्लैंड के बीच लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर खेले गए एकमात्र टेस्ट मैच में क्रांति गौड़ ने ऐसा कारनामा कर दिया है, जिसे वह और उनका परिवार जिंदगीभर नहीं भूल पाएंगे. क्रिकेट का मक्का कहे जाने वाले इस मैदान पर अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर क्रांति ने प्रतिष्ठित ऑनर्स बोर्ड पर अपना नाम दर्ज करा लिया है. इस उपलब्धि के साथ वह ऐसा करने वाली पहली महिला क्रिकेटर बन गई हैं.
लॉर्ड्स में क्रांति गौड़ ने रचा इतिहास
मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले के घुवारा में रहने वाले आदिवासी परिवार की बेटी क्रांति गौड़ ने लॉर्ड्स टेस्ट में शानदार प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया है. इंग्लैंड के खिलाफ खेले गए एकमात्र टेस्ट मैच में उन्होंने 7 विकेट लेकर भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई. इस दौरान क्रांति ने पहली पारी में 5 विकेट लेकर लॉर्ड्स के प्रतिष्ठित ऑनर्स बोर्ड में जगह बनाई.
यह भी पढ़ें: क्या स्मृति मंधाना कप्तान के तौर पर लेंगी हरमनप्रीत कौर की जगह? स्टार बल्लेबाज ने खुद किया खुलासा
परिवार के लिए बताया सबसे बड़ा पल
लॉर्ड्स में इतिहास रचने के बाद भारतीय बॉलर क्रांति गौड़ गुरुवार 16 जुलाई को पहली बार मध्यप्रदेश पहुंची हैं. राजधानी भोपाल में उनका स्वागत किया गया और लॉर्ड्स के ऑनर्स बोर्ड में नाम दर्ज कराने के लिए उन्हें बधाई दी गई.
भोपाल में विस्तार न्यूज से बातचीत के दौरान क्रांति ने इस प्राउड मोमेंट की पूरी फीलिंग शेयर की. उन्होंने बताया कि कैसे इस उपलब्धि के बाद पूरे बुंदेलखंड की तरफ से उन्हें प्यार मिला. उन्होंने कहा कि मेरे परिवार के साथ-साथ यह पूरे मध्यप्रदेश के लिए गर्व का दिन था.
उन्होंने सरकार की तारीफ करते हुए कहा कि सरकार भी खिलाड़ियों की हर संभव मदद करती है. पहले भी सरकार की तरफ से उन्हें मदद मिली है. मुझ जैसे लोगों की मदद के बाद न जाने कितने और बच्चे अपने सपनों को लेकर आगे बढ़ रहे हैं. आज पहले के मुकाबले स्पोर्ट्स में पहले से काफी बच्चे निकल कर आ रहे हैं.
क्रांति गौड़ क्रिकेट करियर
22 वर्षीय भारतीय तेज गेंदबाज क्रांति गौड़ ने 11 मई 2025 को श्रीलंका के खिलाफ वनडे मैच में अपना इंटरनेशनल डेब्यू किया था. भारतीय टीम के लिए उन्होंने अब तक 2 टेस्ट मैचों की 3 पारियों में 9 विकेट लिए हैं. वहीं 17 वनडे की 17 पारियों में उन्होंने 25 विकेट लिए हैं. 14 टी20 मैचों में उनके नाम 8 विकेट दर्ज हैं. टेस्ट और वनडे क्रिकेट में एक-एक बार उन्होंने 5 विकेट हॉल लिए हैं.