रीवा में शिक्षा व्यवस्था की पोल खोलता वीडियो आया सामने! पढ़ने के बजाय झाड़ू लगाती नजर आई छात्रा
रीवा में सरकारी स्कूल में छात्रा से झाड़ू लगवाया गया.
MP News: रीवा जिले के त्योथर से सरकारी स्कूल की बदहाली की ऐसी तस्वीर सामने आई है, जिसने शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. जहां बच्चों के हाथों में किताबें होनी चाहिए थीं, वहां उन्हें झाड़ू पकड़ाकर स्कूल की सफाई कराई जा रही है. इस पूरे मामले का वीडियो भी सामने आया है, जो अब सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है. वीडियो वायरल होने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने मामले को संज्ञान में लिया है, और जांच कर कार्रवाई की बात कही है.
बच्चे खुद ही टाट-पट्टी बिछाकर कर रहे तैयारी
पूरा मामला त्योथर तहसील के ग्राम पड़री टेढ़ कला स्थित प्राथमिक विद्यालय का है. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में मासूम बच्चे स्कूल परिसर में झाड़ू लगाते हुए दिखाई दे रहे हैं. इतना ही नहीं, बच्चे खुद ही टाट-पट्टी बिछाकर कक्षा की तैयारी करते हैं, और फिर शिक्षकों के आने का इंतजार करते हैं. सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि वीडियो बनने के दौरान स्कूल में कोई शिक्षक मौजूद नहीं था.
अधिकारी बोले- जांच के बाद सख्त कार्रवाई करेंगे
बताया जा रहा है कि एक जागरूक ग्रामीण ने इस पूरी लापरवाही का वीडियो बनाकर, सोशल मीडिया पर वायरल किया, जिसके बाद मामला जिला प्रशासन तक पहुंचा. इस मामले पर जिला अधिकारी ने स्पष्ट कहा है कि बच्चों से झाड़ू लगवाना पूरी तरह गलत है. उन्होंने जांच के आदेश देते हुए कहा कि जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी. लेकिन अब बड़ा सवाल यह है कि क्या कार्रवाई सिर्फ जांच तक सीमित रहेगी, या फिर बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले जिम्मेदारों पर वास्तव में कड़ी कार्रवाई होगी. आखिर शिक्षा के मंदिर में यह लापरवाही कब तक चलती रहेगी.
ये भी पढे़ं: Mayur Khandelwal: कौन हैं दतिया के एसपी IPS मयूर खंडेलवाल? जिन्हें नरोत्तम मिश्रा ने मंच से धमकाया