CG Weather Update: छत्तीसगढ़ के कई जिलों में झमाझम बारिश, अगले 3 दिन और सक्रिय रहेगा मानसून, अलर्ट जारी
फाइल फोटो
CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मौसम बदल गया है. गुरुवार को प्रदेश के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि सरगुजा संभाग के कुछ इलाकों में भारी बारिश हुई. राजधानी रायपुर में शाम के समय तेज बारिश होने से लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली. मौसम विभाग का कहना है कि बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र अब मजबूत हो गया है, जिसका असर प्रदेश के मौसम पर साफ दिखाई दे रहा है.
अगले 3 दिन और एक्टिव रहेगा मानसून
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बने मजबूत कम दबाव के क्षेत्र और सक्रिय मानसूनी द्रोणिका के कारण अगले तीन दिनों तक पूरे छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है. इस दौरान कई जिलों में मध्यम से भारी बारिश के साथ गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है.
कई जिलों में झमाझम बारिश
आज भी कई जिलों में भारी बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है. रायपुर, दुर्ग समेत कई इलाकों में रातभर से बूंदाबांदी जारी है. वहीं बिलासपुर में रातभर हुई तेज बारिश से श्रीकांत वर्मा मार्ग, हंसा विहार, मित्र विहार, सरकंडा के बंधवापारा, जोरापारा और शिवम होम्स समेत कई इलाकों की सड़कों और घरों में पानी भर गया. हालात को देखते हुए बिलासपुर जिले के स्कूलों में आज छुट्टी कर दी गई है.
प्रदेश में फिलहाल सामान्य से कम हुई बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटे में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि सरगुजा संभाग के कुछ इलाकों में भारी बारिश दर्ज की गई। इसके बावजूद 1 जून से अब तक प्रदेश में सामान्य से 31% कम बारिश हुई है.
ये भी पढ़ें- CG News: E20 विवाद में मारुति सुज़ुकी का बड़ा कदम, रायपुर कंज्यूमर कमीशन के आदेश को देगी चुनौती, जानें पूरा मामला