सीधी में कोर्ट परिसर की दीवार ढही, 2 की मौत, दो की हालत गंभीर, मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका

घटना ने न्यायालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था और पुराने भवनों के रखरखाव पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. प्रशासन ने मामले की जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया है.
An accident occurred due to the collapse of the wall of the court premises in Sidhi.

सीधी में कोर्ट परिसर की दीवार गिरने से हादसा हो गया.

Input- शरद गौतम

MP News: सीधी जिले के रामपुर नैकिन न्यायालय परिसर में सोमवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया. तेज बारिश से बचने के लिए न्यायालय परिसर में बने एक भवन की दीवार के पास खड़े हुए लोगों पर अचानक दीवार भरभराकर गिर गई. हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद पूरे न्यायालय परिसर में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई.

तेज बारिश के कारण दीवार ढही

जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम करीब 4 बजे न्यायालय में विभिन्न न्यायिक कार्यों के सिलसिले में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे हुए थे. इसी दौरान अचानक तेज बारिश शुरू हो गई. बारिश से बचने के लिए कुछ लोग न्यायालय परिसर में बने भवन की आड़ में खड़े हो गए. तभी अचानक भवन की जर्जर दीवार भरभराकर गिर पड़ी और उसकी चपेट में चार लोग आ गए. हादसे में दो लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है.

कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका

घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम रामपुर नैकिन, तहसीलदार, थाना प्रभारी सहित प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई. राहत एवं बचाव कार्य तत्काल शुरू कर दिया गया. मलबा हटाने के लिए स्थानीय लोगों की भी मदद ली जा रही है.

प्रशासन को आशंका है कि दीवार के मलबे में अन्य लोग भी दबे हो सकते हैं. इसी आशंका को देखते हुए बचाव अभियान तेजी से चलाया जा रहा है. देर शाम तक मलबा हटाने का कार्य जारी रहा.

मृतकों की नहीं हो सकी शिनाख्त

फिलहाल मृतकों और घायलों की शिनाख्त नहीं हो सकी है. प्रशासन उनकी पहचान कराने के प्रयास में जुटा है. हादसे के कारणों की भी जांच शुरू कर दी गई है. प्रारंभिक तौर पर माना जा रहा है कि लगातार हो रही बारिश और भवन की जर्जर स्थिति के कारण दीवार कमजोर होकर अचानक ढह गई. घटना ने न्यायालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था और पुराने भवनों के रखरखाव पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. प्रशासन ने मामले की जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया है.

ये भी पढे़ं: नशे के खिलाफ इंदौर ने रचा इतिहास, 8,534 लोगों की मानव श्रृंखला से वर्ल्ड रिकॉर्ड! पुलिस कमिश्नर ने नशामुक्त समाज की शपथ दिलाई

ज़रूर पढ़ें