Balaghat: फ्रिज सुधारने के बहाने घर में घुसे बदमाश, बुजुर्ग दंपति को बंधक बनाकर की लाखों की लूट
बालाघाट: फ्रिज सुधारने के बहाने चोरी
Balaghat Crime News (राहुल टेभरे की रिपोर्ट): बालाघाट जिले के लांजी थाना क्षेत्र के कुलपा गांव में दिनदहाड़े बुजुर्ग दंपत्ति के साथ हथियारों के बल पर लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है. बदमाश फ्रिज सुधारने और मोबाइल टावर लगाने का बहाना बनाकर घर में घुसे, दंपत्ति को बंधक बनाया और लाखों रुपये के जेवर व नकदी लेकर फरार हो गए. एक महीने के भीतर लांजी में यह दूसरी बड़ी लूट की घटना है, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है.
लाखों का सामान चोरी किया
कुलपा गांव निवासी शत्रुघन लिल्हारे और उनकी पत्नी कमला बाई के घर दोपहर के समय पहले दो लोग फ्रिज ठीक करने के बहाने पहुंचे. उनके जाने के कुछ देर बाद चार अन्य युवक मोबाइल टावर लगाने की बात कहकर घर में दाखिल हुए. आरोप है कि घर के अंदर पहुंचते ही बदमाशों ने बंदूक और चाकू की नोक पर बुजुर्ग दंपत्ति को बंधक बना लिया. विरोध करने पर दंपत्ति के साथ मारपीट की गई. बदमाश करीब 5 तोला सोना, एक किलो चांदी और ढाई लाख रुपये नकद लूटकर फरार हो गए. घटना स्थल से पुलिस को बंदूक का एक जिंदा कारतूस भी मिला है.
ये भी पढ़ें: ‘बहन की NEET परीक्षा रद्द होने पर आया गुस्सा…’, बालाघाट कलेक्ट्रेट में बम फोड़ने वाले युवक ने मांगी माफी
पुलिस ने जांच शुरू की
पीड़ित के पुत्र श्यामसुंदर ने आशंका जताई है कि टावर लगाने के बहाने आए लोगों ने ही इस वारदात को अंजाम दिया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है. गौरतलब है कि 28 जून को भी लांजी में एक सराफा व्यापारी से लाखों रुपये के जेवरात की लूट हुई थी, जिसके आरोपी अब तक पुलिस की पकड़ से बाहर हैं. लगातार हो रही लूट की घटनाओं ने लांजी क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.