हिमाचल में दर्दनाक हादसा! श्रद्धालुओं से भरी बस पलटी, दो की मौत, कई घायल
हादसे के बाद के हाल
Himachal Pradesh Bus Accident: हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में रविवार को श्रद्धालुओं से भरी एक प्राइवेट बस हादसे का शिकार हो गई. शाहतलाई क्षेत्र के पास अचानक अनियंत्रित होकर बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई. हादसे में दो श्रद्धालुओं की जान चली गई, जबकि सात अन्य घायल हो गए. घायलों में तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है.
जानकारी के अनुसार, बस पंजाब के अमृतसर से करीब 35 श्रद्धालुओं को लेकर बाबा बालकनाथ मंदिर दियोटसिद्ध और शाहतलाई में दर्शन कराने आई थी. दर्शन के बाद वापसी के दौरान रास्ते में बस चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई. हादसे के तुरंत बाद यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया.
घायलों का इलाज जारी
हादसे की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीमें घटनास्थल पर पहुंच गईं. राहत एवं बचाव अभियान चलाकर सभी घायलों को बस से बाहर निकाला गया और नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया. गंभीर रूप से घायल एक यात्री को बेहतर इलाज के लिए पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है, जबकि दो अन्य गंभीर घायलों को मेडिकल कॉलेज हमीरपुर भेजा गया. बाकी घायल यात्रियों का उपचार बरसर अस्पताल में जारी है.
मदद के लिए आगे आए स्थानीय लोग
पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि राहत कार्य में स्थानीय लोगों ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. हादसे के बाद घायलों को तुरंत चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता देने के निर्देश दिए गए हैं. जिला प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए है.
फिलहाल हादसे की असली वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाया जा रहा है कि हादसा चालक की लापरवाही, तकनीकी खराबी या किसी अन्य कारण से हुआ.
ये भी पढ़ें:भोपालवासियों को अभी और करना होगा इंतजार, 27 जुलाई को नहीं अब इस दिन से सड़कों पर दौड़ेंगी ई-बसें