MP News: मूंग खरीदी नीति के विरोध में किसानों का भोपाल कूच, कई किसाान नेता नजरबंद, CM निवास की बढ़ाई सुरक्षा
किसानों का भोपाल कूच
MP News: राजधानी भोपाल में मूंग की फसल का केवल 25 प्रतिशत खरीदने की सरकारी नीति के विरोध में किसानों का आंदोलन सोमवार को तेज हो गया. विभिन्न किसान संगठनों के बैनर तले बड़ी संख्या में किसान भोपाल की ओर रवाना हुए. प्रशासन ने उन्हें रोकने के लिए कई स्थानों पर बैरिकेडिंग की और कई किसान नेताओं को अस्थायी रूप से नजरबंद भी किया, लेकिन इसके बावजूद किसान अलग-अलग रास्तों से नर्मदापुरम पहुंचने में सफल रहे.
सेठानी घाट से शुरू हुआ भोपाल कूच
संयुक्त किसान मोर्चा से जुड़े क्रांतिकारी किसान संगठन, भारतीय किसान यूनियन, राष्ट्रीय किसान मजदूर संघ, राष्ट्रीय किसान मजदूर महासंघ, किसान कांग्रेस समेत 13 किसान संगठनों के प्रतिनिधि सुबह करीब 11 बजे नर्मदापुरम के सेठानी घाट पर एकत्र हुए. यहां किसानों ने नर्मदा पूजन और हनुमान चालीसा का पाठ करने के बाद भोपाल के लिए पैदल मार्च शुरू किया.
रास्ते में कई जगह पुलिस से हुई धक्का-मुक्की
यात्रा के दौरान प्रशासन ने झंडा चौक, इंदिरा चौक और भोपाल तिराहे सहित कई स्थानों पर बैरिकेड लगाकर किसानों को रोकने का प्रयास किया. किसानों और पुलिस के बीच कई जगह धक्का-मुक्की हुई, जिसके बाद प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड हटाते हुए आगे बढ़ना जारी रखा. कलेक्टर सोमेश मिश्रा, एसपी सांई कृष्णा एस. थोटा और संभाग आयुक्त श्रीकांत बनोठ ने किसानों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन कोई सहमति नहीं बन सकी.
बुधनी पहुंचकर भी जारी रखा मार्च
नर्मदा ब्रिज के पास ग्राम डोगरवाड़ा में पुलिस ने त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की थी, जहां भी किसानों और पुलिस के बीच तनावपूर्ण स्थिति बनी. शाम करीब 7.15 बजे किसानों का जत्था बुधनी पहुंचा, जहां ओवरब्रिज पर लगाए गए अवरोधों को भी प्रदर्शनकारियों ने हटा दिया और भोपाल की ओर कूच जारी रखा. किसानों का कहना है कि वे बुधवार सुबह भोपाल पहुंचकर मुख्यमंत्री निवास का घेराव करेंगे.
मुख्यमंत्री निवास की सुरक्षा बढ़ाई गई
किसान आंदोलन को देखते हुए राजधानी भोपाल में सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी गई है. मुख्यमंत्री निवास के आसपास भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और चारों ओर बैरिकेडिंग कर सुरक्षा घेरा मजबूत किया गया है.
मुख्यमंत्री निवास की ओर जाने वाले प्रमुख मार्गों पर भी निगरानी बढ़ा दी गई है. प्रशासन का कहना है कि अलग-अलग जिलों से किसानों के भोपाल पहुंचने की संभावना को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके.
ये भी पढे़ं- MP News: स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग पर MBBS इंटर्न डॉक्टरों का आंदोलन तेज, आज भोपाल में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल