CG News: VSK एप की तकनीकी खामियों के बीच वेतन कटौती का आदेश, टीचर्स एसोसिएशन बोला- यह अन्यायपूर्ण, पहले दूर हों समस्याएं
कमलेश सिंह, अध्यक्ष
CG News: छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन, जिला सरगुजा ने वीएसके (VSK) एप में दर्ज ऑनलाइन उपस्थिति के आधार पर शिक्षकों के वेतन आहरण और कम उपस्थिति पर वेतन कटौती संबंधी निर्देशों का विरोध किया है. संगठन का कहना है कि जब तक एप की तकनीकी खामियों का पूरी तरह समाधान नहीं हो जाता, तब तक केवल ऑनलाइन उपस्थिति के आधार पर वेतन काटना उचित नहीं है.
दूरस्थ क्षेत्रों में नेटवर्क और सर्वर की बड़ी समस्या
जिला अध्यक्ष कमलेश सिंह ने कहा कि सरगुजा सहित प्रदेश के अनेक दूरस्थ विद्यालयों में आज भी मोबाइल नेटवर्क, जीपीएस, लोकेशन और सर्वर संबंधी समस्याएं बनी हुई हैं. कई क्षेत्रों में बारिश के दौरान सड़कें प्रभावित होने के कारण समय पर विद्यालय पहुंचना भी चुनौतीपूर्ण हो जाता है. ऐसे में समय पर स्कूल पहुंचने वाले कई शिक्षकों की उपस्थिति भी वीएसके एप में दर्ज नहीं हो पाती.
ऑफलाइन उपस्थिति पंजी के सत्यापन की मांग
उन्होंने कहा कि विद्यालयों में नियमित रूप से शिक्षक उपस्थिति पंजी संधारित किया जाता है और शिक्षक उसमें हस्ताक्षर भी करते हैं. इसलिए केवल तकनीकी रूप से त्रुटिपूर्ण एप को आधार बनाकर कार्रवाई करना उचित नहीं है. संगठन ने मांग की है कि किसी भी निर्णय से पहले ऑफलाइन उपस्थिति पंजी का भौतिक सत्यापन किया जाए.
बायोमेट्रिक व्यवस्था लागू करने की मांग
एसोसिएशन के अनुसार, प्रदेश अध्यक्ष संजय शर्मा ने भी कहा है कि शिक्षक ऑनलाइन उपस्थिति व्यवस्था के विरोधी नहीं हैं, लेकिन तकनीकी समस्याओं वाले एप के आधार पर आर्थिक दंड देना न्यायसंगत नहीं है. उन्होंने शासन से पहले वीएसके एप की सभी तकनीकी कमियों को दूर करने और पूरे प्रदेश में एक समान एवं विश्वसनीय बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली लागू करने की मांग की है.
बिजली बाधित होने से बढ़ रही परेशानी
संगठन ने यह भी कहा कि सरगुजा के कई ग्रामीण, पहाड़ी और दुर्गम क्षेत्रों में बारिश के दिनों में कई-कई दिनों तक बिजली आपूर्ति बाधित रहती है. इससे मोबाइल फोन चार्ज करना भी संभव नहीं हो पाता, जिसके कारण ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करने में अतिरिक्त कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है.
स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप हो व्यवस्था
संगठन का कहना है कि ऐसी परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप व्यवहारिक व्यवस्था विकसित की जानी चाहिए. जिला अध्यक्ष कमलेश सिंह सहित संगठन के पदाधिकारियों ने शासन से मांग की है कि वीएसके एप की तकनीकी त्रुटियों का शीघ्र निराकरण किया जाए, शिक्षक उपस्थिति पंजी का भौतिक सत्यापन सुनिश्चित किया जाए तथा बायोमेट्रिक मशीन के माध्यम से उपस्थिति दर्ज करने की व्यवस्था लागू की जाए. साथ ही तकनीकी कारणों से उपस्थिति दर्ज नहीं होने की स्थिति में किसी भी शिक्षक का वेतन काटने या रोकने की कार्रवाई तत्काल प्रभाव से निरस्त की जाए.
आंदोलन की चेतावनी
एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि यदि तकनीकी समस्याओं का समाधान किए बिना शिक्षकों के विरुद्ध वेतन कटौती जैसी कार्रवाई जारी रहती है, तो संगठन शिक्षकों के हित में लोकतांत्रिक एवं संगठनात्मक स्तर पर आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा.
ये भी पढे़ं- CG News: मनरेगा घोटाला मामले में पूर्व CEO समेत 8 अधिकारियों पर कार्रवाई, 18 साल बाद 6000 पन्नों की चार्जशीट पेश