क्या है क्लिकगेट चीटिंग? जिससे इंग्लैंड क्रिकेट में मचा हड़कंप

Clickgate: इंग्लैंड के क्लब क्रिकेट से इन दिनों अजीबोगरीब विवाद सामने आया है, जिसने सोशल मीडिया पर बड़ी बहस छेड़ दी है.
England Cricket

इंग्लैंड क्रिकेट

Clickgate: इंग्लैंड के क्लब क्रिकेट से इन दिनों अजीबोगरीब विवाद सामने आया है, जिसने सोशल मीडिया पर बड़ी बहस छेड़ दी है. इस विवाद को ‘क्लिकगेट’ और ‘क्लिकी पोंटिंग’ जैसे नाम दिए जा रहे हैं. यह मामला नॉर्थ यॉर्कशायर एंड साउथ डरहम क्रिकेट लीग डिवीजन-2 के मुकाबले का है. रिपोर्ट्स के मुताबिक इस कथित घटना के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर चर्चा तेज हो गई है. लीग ने भी इस मामले की जांच शुरू कर दी है.

क्या है क्लिकगेट मामला?

नॉर्थ यॉर्कशायर एंड साउथ डरहम क्रिकेट लीग डिवीजन-2 के मुकाबले में साल्टबर्न क्रिकेट क्लब सेकेंड इलेवन और नॉर्टन क्रिकेट क्लब आमने-सामने थे. मैच के दौरान यह विवाद नॉर्टन के बल्लेबाज नोमन शबीर के विकेट को लेकर खड़ा हुआ. शबीर जब बल्लेबाजी कर रहे थे तब गेंदबाज द्वारा फेंकी गई एक गेंद उनके बल्ले से बेहद करीब से गुजरी.

हालांकि बल्लेबाज का दावा था कि गेंद उनके बल्ले पर नहीं लगी थी. इसी दौरान स्लिप में खड़े एक फील्डर ने उंगली चटका दी, जिससे तेज आवाज आई. इसके बाद विकेटकीपर के गेंद लपकते ही फील्डिंग टीम ने अपील कर दी. अंपायर को भी लगा कि आवाज गेंद के बल्ले से टकराने पर आई है और उन्होंने बल्लेबाज को आउट करार दिया.

यह भी पढ़ें: श्रीलंका दौरे से पहले टीम इंडिया को लगा बड़ा झटका, कोच ने अचानक दिया इस्तीफा

बल्लेबाज ने अंपायर के फैसले का किया विरोध

बल्लेबाज नोमन शबीर ने अंपायर के फैसले का विरोध किया और दावा किया कि गेंद उनके बल्ले से नहीं लगी थी और स्लिप में खड़े फील्डर की ओर इशारा करते हुए बताया कि आवाज उंगली चटकाने से आई थी. हालांकि अंपायर ने अपने फैसले को कायम रखा. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इन मैचों में डीआरएस या रिव्यू की सुविधा नहीं होती है, इसलिए बल्लेबाज को वापस पवेलियन लौटना पड़ा.

पहले भी लग चुके हैं आरोप

यह पहला मौका नहीं है जब साल्टबर्न क्रिकेट क्लब पर इस तरह के आरोप लगे हैं. सोशल मीडिया पर यह विवाद फैलने के बाद कई पुरानी वीडियो भी वायरल हो रही हैं, जिसमें फील्डर द्वारा इसी तरह की घटनाएं देखने को मिली.

ज़रूर पढ़ें