Shivpuri: अंतरराज्यीय जुआ गिरोह पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 17 आरोपी गिरफ्तार, 45.15 लाख की संपत्ति जब्त

Shivpuri: जिले की कोतवाली थाना पुलिस ने अंतरराज्यीय संगठित जुआ गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 17 आरोपियों को गिरफ्तार किया है.
Shivpuri News

कोतवाली थाना पुलिस की कार्रवाई

इनपुट-सुनील रजक

Shivpuri: जिले की कोतवाली थाना पुलिस ने अंतरराज्यीय संगठित जुआ गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 17 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1 लाख 65 हजार रुपये नकद, चार कारें, 17 मोबाइल फोन और दो ताश की गड्डियां जब्त की हैं. जब्त संपत्ति की कुल कीमत 45 लाख 15 हजार रुपये आंकी गई है. सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है.

पुलिस को मिली थी सूचना

29 जुलाई को पुलिस को सूचना मिली कि फोरलेन स्थित भजन होटल के पीछे एक ढाबे की पहली मंजिल पर कुछ लोग ताश के पत्तों पर रुपये का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं. सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी. पुलिस की गाड़ी देखकर कुछ लोग भागने लगे, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर सभी को पकड़ लिया.

मौके पर ताश के पत्तों पर दांव लगाकर जुआ खेलते हुए 17 लोगों को गिरफ्तार किया गया. पूछताछ में सामने आया कि आरोपी अलग-अलग जिलों और क्षेत्रों से आकर संगठित रूप से जुआ खेल रहे थे.

1 लाख 65 हजार रुपये नकद जब्त

पुलिस ने मौके से 1 लाख 65 हजार रुपये नकद, दो ताश की गड्डियां, 17 मोबाइल फोन और जुआ खेलने आए आरोपियों की चार कारें जब्त कीं. जब्त वाहनों में तीन स्विफ्ट डिजायर और एक मारुति अर्टिगा शामिल है. जब्त संपत्ति की कुल कीमत 45 लाख 15 हजार रुपये बताई गई है.

भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत कार्रवाई

कोतवाली थाना पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 579/2026 दर्ज करते हुए धारा 13 सार्वजनिक जुआ अधिनियम एवं धारा 112(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत कार्रवाई की है. सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल वारंट जारी होने पर उन्हें जेल भेज दिया गया.

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रोहित दुबे, उप निरीक्षक विवेक भट्ट, सुमित शर्मा, प्रधान आरक्षक गजेंद्र सिंह परिहार, अवतार सिंह, मोहन चौहान, आरक्षक जितेंद्र रावत, रवि शर्मा, राहुल कुमार, दिलशाद खान, अजीत राजावत तथा चालक शरद यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही. पुलिस ने कहा है कि जिले में जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा.

ज़रूर पढ़ें