Durg: पुलिस ने पेश किया सोशल पुलिसिंग का उदाहरण, 60 लाख रुपये की कीमत के 200 गुम मोबाइल मालिकों को लौटाए
पुलिस ने लौटाए गुम मोबाइल फोन
Durg News: दुर्ग पुलिस ने आधुनिक तकनीक और सोशल पुलिसिंग का बेहतरीन उदाहरण पेश करते हुए करीब 60 लाख रुपये कीमत के 200 गुम मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंप दिए.
सेक्टर 6 स्थित पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित कार्यक्रम में एसएसपी विजय अग्रवाल ने मोबाइल स्वामियों को उनके फोन लौटाए गए. लंबे समय से अपने मोबाइल खो चुके कई लोगों ने उम्मीद छोड़ दी थी, लेकिन फोन वापस मिलने पर उनके चेहरे खुशी से खिल उठे और उन्होंने दुर्ग पुलिस का आभार जताया.
पीड़ितों ने की थी सीईआईआर पोर्टल पर शिकायत
वहीं एसएसपी विजय अग्रवाल ने बताया कि मोबाइल गुम होने के बाद पीड़ितों ने संबंधित थानों के साथ-साथ भारत सरकार के सीईआईआर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी. इसके बाद दुर्ग पुलिस की एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट और जिले के सभी थाना-चौकी पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण, आईएमईआई ट्रैकिंग और लगातार मॉनिटरिंग के जरिए मोबाइल फोन ट्रेस किए.
कई राज्यों में चल रहा अभियान
यह अभियान केवल दुर्ग जिले तक सीमित नहीं रहा, बल्कि बालोद, बेमेतरा, राजनांदगांव सहित बिहार, आंध्र प्रदेश और मध्य प्रदेश जैसे राज्यों से भी मोबाइल बरामद किए गए. कार्यक्रम के दौरान एसएसपी ने लोगों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए मोबाइल गुम होने पर तुरंत सीईआईआर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने और ऑनलाइन ठगी से सतर्क रहने की अपील भी की.
दुर्ग पुलिस की यह कार्रवाई सिर्फ गुम मोबाइल बरामद करने तक सीमित नहीं रही, बल्कि जनता और पुलिस के बीच विश्वास को मजबूत करने वाली सोशल पुलिसिंग की एक शानदार मिसाल बनकर सामने आई.
ये भी पढे़ं- Durg: मक्के के बीचोंबीच अवैध अफीम की खेती, 143 दिन बाद पुलिस ने कोर्ट में पेश किया 939 पन्नों का चालान