Sarguja: नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में पुलिस का बड़ा एक्शन, आरोपी की संपत्ति कुर्क करने की तैयारी
नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी की संपत्ति जब्त करने की तैयारी
Surguja News: सरगुजा जिले में नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे आरोपी तरुण जायसवाल के खिलाफ पुलिस ने शिकंजा और कस दिया है. आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीम लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है. वहीं पुलिस ने आरोपी के नाम पर जारी लाइसेंसी 12 बोर डीबीबीएल बंदूक जब्त कर ली है. इसके साथ ही आरोपी की चल-अचल संपत्ति की कुर्की और कथित अतिक्रमित भूमि के सत्यापन की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है.
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं. यदि कोई व्यक्ति आरोपी को शरण देता है या गिरफ्तारी से बचाने में मदद करता है तो उसके खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
घटना के बाद से फरार है आरोपी
पुलिस के अनुसार आरोप है कि ग्राम भफौली निवासी तरुण जायसवाल ने एक नाबालिग पीड़िता के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया और इसके बाद से लगातार फरार है. घटना के बाद से पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है, लेकिन अब तक वह गिरफ्त से बाहर है. मामले की गंभीरता और जनआक्रोश को देखते हुए सरगुजा पुलिस ने कार्रवाई की रफ्तार बढ़ा दी है.
DIG और SSP ने गठित की विशेष टीम
सरगुजा के डीआईजी एवं एसएसपी राजेश अग्रवाल के निर्देश पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया है. टीम लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है और तकनीकी साक्ष्यों के साथ-साथ मुखबिर तंत्र की भी मदद ली जा रही है.
पुलिस का दावा है कि आरोपी की तलाश में जिले के अलावा अन्य संभावित स्थानों पर भी निगरानी रखी जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
5 हजार का इनाम घोषित
आरोपी की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए सरगुजा पुलिस ने ₹5,000 के इनाम की घोषणा की है. पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि आरोपी के संबंध में कोई जानकारी हो तो तत्काल पुलिस को सूचना दें. सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी.
लाइसेंस निरस्तीकरण की प्रक्रिया
जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी के नाम पर एक 12 बोर डीबीबीएल लाइसेंसी बंदूक दर्ज है. चूंकि आरोपी गंभीर आपराधिक मामले में फरार है और विवेचना प्रभावित होने की आशंका थी, इसलिए थाना प्रभारी कोतवाली द्वारा शस्त्र लाइसेंस निरस्त करने की अनुशंसा की गई.
आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद शनिवार को पुलिस टीम आरोपी के घर पहुंची. जहां उसके परिजनों ने लाइसेंसी बंदूक और लाइसेंस पुलिस के समक्ष प्रस्तुत किया. पुलिस ने दोनों को विधिवत जब्त कर लिया.
चल-अचल संपत्ति कुर्क करने की तैयारी
पुलिस ने आरोपी की चल एवं अचल संपत्ति का पूरा विवरण राजस्व विभाग से मांगा है. साथ ही ग्राम भफौली में आरोपी द्वारा कथित रूप से किए गए अतिक्रमण की गई भूमि का मौका सत्यापन कराने के लिए भी प्रतिवेदन भेजा गया है. पुलिस अधिकारियों के अनुसार कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद आरोपी की संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई भी की जाएगी, ताकि उस पर कानून का दबाव बनाया जा सके.
ये भी पढ़ें: Balrampur: ऑडिट रिपोर्ट में राजपुर के सरकारी अस्पताल में बड़ी गड़बड़ी! बिना टेंडर राशि का हुआ भुगतान
हर संभावित ठिकाने पर निगरानी
विशेष पुलिस टीम आरोपी के संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है. उसके रिश्तेदारों, परिचितों और अन्य संभावित संपर्कों पर भी नजर रखी जा रही है. पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. सरगुजा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई व्यक्ति आरोपी को छिपाने, शरण देने या गिरफ्तारी से बचाने में किसी भी प्रकार की मदद करता पाया गया तो उसके खिलाफ भी कानून के तहत सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.