बृजभूषण शरण सिंह को बरी करने के फैसले के खिलाफ हाई कोर्ट जाएंगे पहलवान, बजरंग पूनिया का बयान
बृजभूषण शरण सिंह और बजरंग पूनिया
Bajrang Punia: महिला पहलवानों के साथ यौन उत्पीड़न के मामले में दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट से भारतीय कुश्ती महासंघ के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह को बड़ी राहत मिली है. कोर्ट ने सबूतों के अभाव में उन्हें बरी कर दिया है. इस फैसले के बाद पहलवान बजरंग पूनिया की प्रतिक्रिया सामने आई है, जिसमें उन्होंने साफ कहा है कि कोर्ट के इस फैसले के खिलाफ वह हाई कोर्ट का रुख करेंगे.
कोर्ट ने बृजभूषण शरण सिंह को किया बरी
दरअसल, सोमवार 3 अगस्त को दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने पूर्व भारतीय कुश्ती महासंघ अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह और सह-आरोपी विनोद तोमर को यौन शोषण मामले में सबूतों के अभाव में बरी का दिया है. बता दें, 6 महिला पहलवानों ने बृजभूषण सिंह पर यौन उत्पीड़न, पीछा करने और आपराधिक धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए थे. लेकिन अब कोर्ट ने उन्हें इस मामले में बरी कर दिया है.
Women wrestlers alleged sexual harassment case: Delhi's Rouse Avenue court acquits Brij Bhushan Sharan Singh and Vinod Tomar in the case https://t.co/ewuhyHvoS4
— ANI (@ANI) August 3, 2026
यह भी पढ़ें: कॉमनवेल्थ में बॉक्सर्स का ऐतिहासिक पंच, 96 साल के इतिहास में पहली बार 7 गोल्ड और 3 सिल्वर मेडल आए घर
हाई कोर्ट जाएंगे पहलवान- बजरंग पूनिया
राउज एवेन्यू कोर्ट का फैसला आने के बाद ओलंपिक मेडलिस्ट बजरंग पूनिया ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि बृजभूषण शरण सिंह को बरी करने के फैसले के खिलाफ वह हाई कोर्ट जाएंगे. पूनिया ने यह भी कहा कि पहलवान जल्द ही दिल्ली में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपनी आगे की कानूनी रणनीति का खुलासा करेंगे.
क्या है पूरा मामला?
बता दें, साल 2023 में देश की 6 महिला पहलवानों ने बृजभूषण शरण सिंह पर यौन उत्पीड़न, पीछा करने और आपराधिक धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए थे. इन शिकायतों के आधार पर दिल्ली पुलिस ने बृजभूषण सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया था. इस मामले को लेकर देश के कई पहलवानों ने जंतर-मंतर पर महीनों तक विरोध प्रदर्शन किया था और संसद मार्च भी किया था. जिसमें, विनेश फोगाट, साक्षी मालिक और बजरंग पूनिया शामिल थे.