‘मैं झोला लेकर आ गया हूं, यहीं…’, दतिया में बीजेपी की हार के बाद वायरल हो रहा आशुतोष तिवारी का बयान
आशुतोष तिवारी
Ashutosh Tiwari Viral Statement: दतिया उपचुनाव में बीजेपी को मिली करारी शिकस्त के बाद पार्टी ने हार के कारणों को खोजना शुरू कर दिया है. भोपाल स्थित सीएम आवास में मंगलवार (4 अगस्त) को अहम बैठक हुई. हार के कारण की समीक्षा के लिए दो सदस्यीय समिति के गठन का निर्णय लिया गया है. इस कमेटी में प्रदेश महामंत्री गौरव रणदिवे और अंबाराम कराड़ा हैं. इसी बीच भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार रहे आशुतोष तिवारी का एक वीडियो वायरल हो रहा है.
‘मैं झोला लेकर आ गया हूं…’
सोशल मीडिया पर आशुतोष तिवारी के भाषण का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. बताया जा रहा है कि ये दतिया उपचुनाव में प्रचार के दौरान का है. वे कहते हुए सुनाई दे रहे हैं कि हम यह भी नहीं कहने वाले हैं कि मैं झोला लेकर आया था, झोला उठाकर चला जाऊंगा. मैं यह कहने वाला नहीं हूं.
उन्होंने आगे कहा कि मैं इतना जरूर कहूंगा कि जो भी है, यह सब आप लोगों के हवाले है और मैं थोड़ा-सा भावुक होकर के बात कर रहा हूं. मैं वैसे होता नहीं हूं. आज का सीन ऐसा है नहीं. चाहे मारना, चाहे पालना मैं झोला लेकर आ गया हूं, यहीं रहूंगा. अब लोग इस बयान के मायने निकालने में जुट गए हैं.
आशुतोष तिवारी ने पेश किए सबूत
बीजेपी प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ने बैठक में कई अहम दस्तावेज और ऑडियो सबूत पेश किए. सूत्रों के मुताबिक कहा जा रहा है कि इन ऑडियो रिकॉर्डिंग्स में पार्टी के खिलाफ काम करने वाले कार्यकर्ताओं के संबंध में सबूत मिले हैं. इससे भी बड़ी बात ये हैं कि इन सबूतों को दिल्ली में आलाकमान के पास भेज दिया गया है. कई पार्षदों के खिलाफ कार्रवाई की बात की जा रही है.
हार के बाद बीजेपी उम्मीदवार ने भीतरघात की बात की थी. इसके साथ ही प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा था कि जिन्होंने भी चुनाव को प्रभावित किया है, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.