रेल यात्रियों के लिए खुशखबरी! अब जनरल कोच में सफर होगा और भी आसान, हर ट्रेन में मिलेंगे 4 कोच
ट्रेन
Four Coaches For General Passengers: हर दिन हजारों-लाखों लोग ट्रेन से यात्रा करते हैं. कई लोग जनरल कोच से सफर करते हैं, तो कई स्लीपर कोच से. भारतीय ट्रेनों में जनरल कोचों की संख्या काफी कम होती है. इसलिए यात्रियों की भारी भीड़ देखने को मिलती है. जनरल कोच में इतनी भीड़ होती है कि पैर रखने तक की जगह नहीं मिलती. यात्रियों की इन्हीं परेशानियों को देखते हुए रेलवे ने एक बड़ा निर्णय लिया है, जिससे जनरल कोच में यात्रा करने वाले हजारों-लाखों यात्रियों के लिए रेलवे का यह कदम फायदेमंद साबित हो सकता है.
4 जनरल और 6 से 8 स्लीपर कोच होंगे
रेलवे ने यात्रियों की भारी भीड़ और परेशानियों को देखते हुए देश की हजारों ट्रेनों में जनरल और स्लीपर कोचों की संख्या में बढ़ोतरी करने का फैसला लिया है. रेलवे के नए बदलाव के बाद अब 3200 लंबी दूरी की ट्रेनों को 24 कोच वाले एलएचबी रैक में बदला जाएगा. इससे हर ट्रेन में स्लीपर और जनरल कोचों में बढ़ोतरी होगी. रेलवे के अनुसार, यात्रियों की सुविधा को देखते हुए हर ट्रेन में कम से कम 4 जनरल और 6 से 8 स्लीपर कोच होंगे. रेलवे की इस नई पहल से जनरल और स्लीपर कोचों में यात्रियों की भीड़ में कमी आएगी और इससे यात्रा भी सुविधाजनक हो सकेगी.
इन रूटों पर सबसे ज्यादा होगा फायदा
- रेलवे के अनुसार, सबसे पहले दिल्ली, मुंबई, सूरत , अहमदाबाद, पुणे और चेन्नई जैसे बड़े शहरों से जुड़े रूटों पर जनरल और स्लीपर कोच जोड़े जाएंगे.
- इन जगहों पर देशभर से लोग मजदूरी और नौकरी करने के लिए आते हैं. ऐसे में इन यात्रियों की यात्रा आसान और सुविधाजनक होगी.
- इस महीने और आने वाले महीनों में कई त्योहार हैं, जिस वजह से लोग अपने घर को आएंगे. त्योहारों के बीच ट्रेनों में भारी भीड़ देखने को मिलती है. वहीं रेलवे के इस कदम से अब जनरल और स्लीपर कोचों में भीड़ की कमी आएगी.
- रेलवे का कहना है कि जिन रूटस पर ज्यादा भीड़ होती थी, अब इससे राहत मिलेगी और यात्रियों का सफर आराम और सुविधाजनक हो सकेगा.
- जानकारी के अनुसार, आने वाले समय में दूसरे ट्रेनों में भी जनरल और स्लीपर कोच बढ़ाए जा सकते हैं.
इन ट्रेनों में जल्द बढ़ सकते हैं एक्स्ट्रा डिब्बे
- वैशाली एक्सप्रेस
- श्रमजीवी एक्सप्रेस
- बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस
- पुरुषोत्तम एक्सप्रेस
- मगध एक्सप्रेस
- अवध-असम एक्सप्रेस
ये भी पढ़ें-ट्रेन में छूट गया सामान या हो गई चोरी? तुरंत अपनाएं ये तरीका, सुरक्षित वापस मिलेगा आपका बैग
एक्स्ट्रा कोच जुड़ने से यात्रियों को क्या फायदा होगा?
- जनरल-स्लीपर कोच बढ़ने से सीटों की संख्या में बढ़ोतरी होगी, जिससे आसानी से अब सीट मिल सकेगी.
- जनरल कोच की संख्या बढ़ने से यात्रियों में कमी आएगी, जिससे खतरा होने की भी संभावनाएं कम हो सकेंगी.
- आने वाले दिनों और महीनों में रक्षाबंध, दीवाली, छठ जैसे प्रमुख त्योहार हैं. इस बीच लोगों को घर जाने में आसानी होगी.
- वहीं लंबी दूरी यात्रा करने वाले यात्रियों का सफर आरामदायक हो सकेगा.