बड़वानी: शिवपंथ पर आपत्तिजनक टिप्पणी से आक्रोश, सत्संग परिवार ने पुलिस को सौंपा ज्ञापन
पुलिस को सौंपा ज्ञापन
बड़वानी जिले के पाटी में शिवपंथी सत्संग परिवार और भजन मंडली ने एक युवक द्वारा शिवपंथ पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में पुलिस प्रशासन को ज्ञापन सौंपा है. उन्होंने युवक के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है. जानकारी के अनुसार, शिवम सोलंकी नामक युवक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर शिवपंथ, उसकी परंपराओं और अनुयायियों के खिलाफ अमर्यादित टिप्पणी की थी.
शिवपंथी समाज में गहरा आक्रोश
यह टिप्पणी वायरल होने के बाद शिवपंथी समाज में गहरा आक्रोश फैल गया. सत्संग परिवारों का आरोप है कि युवक ने इंस्टाग्राम पर शिवपंथी सत्संग के महाराज और भजन मंडली को आदिवासी भाषा में गाली-गलौज करते हुए अभद्र भाषा का प्रयोग किया. उसने धमकी देते हुए कहा कि आदिवासी समाज जल, जंगल और जमीन की रक्षा कर प्रकृति की पूजा करता है, और उसका कोई धर्म नहीं है, जबकि शिवपंथी अन्य धर्मों का पालन कर रहे हैं.
धार्मिक भावनाएं आहत
इन टिप्पणियों से धार्मिक भावनाएं आहत होने और समाज की शांति भंग होने का आरोप लगाते हुए, शिवपंथी सत्संग मंडल के सदस्य बुधवार को स्थानीय थाने पहुंचे. उन्होंने अधिकारियों को ज्ञापन सौंपते हुए धार्मिक मान्यताओं पर अकारण प्रहार को बर्दाश्त न करने की बात कही और तत्काल कार्रवाई की मांग की.
पुलिस अधिकारियों ने ज्ञापन प्राप्त करने के बाद सत्संग मंडल के प्रतिनिधियों को आश्वस्त किया. उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के विरुद्ध उचित कानूनी कदम उठाए जाएंगे. पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि किसी को भी कानून हाथ में लेने या धार्मिक सौहार्द बिगाड़ने की इजाजत नहीं दी जाएगी.
ये भी पढ़ें-Kanker: अंतागढ़ में आदिवासी अस्मिता और अधिकारों का महाकुंभ, 70–80 हजार की भीड़ ने भरी हुंकार