‘राहुल गांधी छात्रों के मुद्दे पर राजनीति कर रहे…’, यूथ पार्लियामेंट में बाेले CM मोहन यादव- युवा देश की सबसे बड़ी ताकत
सीएम मोहन यादव
MP News: राजधानी में आयोजित ‘संसद यूथ पार्लियामेंट 2.0’ में सीएम मोहन यादव ने युवाओं से लोकतंत्र, संसदीय परंपराओं और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की. विधानसभा सभागार में आयोजित कार्यक्रम में देशभर से आए युवा प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया. मुख्यमंत्री ने अलग-अलग राज्यों से आए युवाओं की मौजूदगी को ‘मिनी इंडिया’ की तस्वीर बताया.
कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर भी मौजूद रहे. मध्य प्रदेश के अलावा दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात और छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों के 58 से अधिक शहरों और कस्बों से युवा प्रतिनिधि पहुंचे. विश्वविद्यालयों के विद्यार्थियों के साथ एनएसएस, एनसीसी, युवा संगठनों और शैक्षणिक संस्थानों से जुड़े प्रतिनिधियों ने संसदीय कार्यप्रणाली, नीति निर्माण और लोकतांत्रिक व्यवस्था को लेकर चर्चा की.
युवा देश की सबसे बड़ी ताकत- सीएम
सीएम मोहन यादव ने कहा कि भारत की युवा आबादी देश की सबसे बड़ी ताकत है. युवाओं की भूमिका सिर्फ डॉक्टर, इंजीनियर या वकील बनने तक सीमित नहीं होनी चाहिए. उन्हें राजनीति, नीति निर्माण, कृषि और सामाजिक क्षेत्र में भी आगे आना चाहिए. उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं से नई पीढ़ी का जुड़ाव लोकतंत्र को और मजबूत करेगा.
सीएम ने कहा कि बच्चों और विद्यार्थियों को संसदीय परंपराओं के साथ-साथ अपने अधिकारों और कर्तव्यों की भी जानकारी होनी चाहिए. इसी उद्देश्य से विधानसभा में यूथ पार्लियामेंट का आयोजन किया गया है, ताकि युवा संसदीय व्यवस्था को करीब से समझ सकें और भविष्य में लोकतंत्र को मजबूत करने में अपनी भूमिका निभा सकें.
मुख्यमंत्री ने कहा कि यूथ पार्लियामेंट में देश की युवा शक्ति का स्वरूप दिखाई दे रहा है. उन्होंने मध्य प्रदेश को देश का दिल बताते हुए कहा कि यहां युवा ऊर्जा पूरे उत्साह के साथ आगे बढ़ रही है. उन्होंने 33 प्रतिशत महिला आरक्षण के संदर्भ में भी युवाओं की भागीदारी को महत्वपूर्ण बताया और इसे महिला सशक्तिकरण की दिशा में अहम कदम बताया.
राहुल गांधी पर साधा निशाना
राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में संसद सबसे बड़ी ताकत है. संसद चलने के दौरान हंगामा करना, किसी की बात नहीं सुनना और जवाब देने से बचना लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए उचित नहीं है. सीएम ने राहुल गांधी पर आरोप लगाते हुए कहा कि वे छात्रों से जुड़े मुद्दों पर राजनीति करने और बदले की भावना के साथ काम कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और कांग्रेस को अपने रवैये के लिए माफी मांगना चाहिए.
UCC पर बोले सीएम मोहन यादव
समान नागरिक संहिता यानी यूसीसी को लेकर सीएम ने कहा कि सर्वधर्म समभाव का मतलब सभी के लिए समान अधिकार और व्यवस्था होना है. उन्होंने कहा कि जो व्यवस्था हिंदू बहनों के लिए है, वही मुस्लिम बहनों के लिए भी होनी चाहिए. सीएम ने दावा किया कि बड़ी संख्या में मुस्लिम महिलाएं भी सभी के लिए एक समान कानून की बात कर रही हैं. उन्होंने कहा कि यूसीसी जैसे मुद्दों पर वोट बैंक की राजनीति की जाती रही है, लेकिन देश अब बदल रहा है.
राम मंदिर का भी किया जिक्र
राम मंदिर का जिक्र करते हुए सीएम यादव ने कहा कि पहले इस मुद्दे को लेकर लोगों के बीच विवाद और विभाजन पैदा करने की कोशिशें हुईं. उन्होंने अंसारी बंधु का उदाहरण देते हुए कहा कि उन्होंने राम मंदिर मामले में निचली अदालत से लेकर हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट तक कानूनी लड़ाई लड़ी, लेकिन न्यायालय के फैसले को स्वीकार किया. मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने अपने वचन का पालन करते हुए राम मंदिर के भूमि पूजन में भी हिस्सा लिया, जो सामाजिक सौहार्द और बदलते भारत का उदाहरण है.
ये भी पढे़ं- MP में टोरेंट ग्रुप करेगा 43000 करोड़ का निवेश, 15000 लोगों को मिलेगा रोजगार, CM मोहन यादव ने की निवेशकों से मुलाकात