अखिलेश यादव का बड़ा ऐलान, सत्ता में लौटे तो महिलाओं के लिए फिर शुरू होगी समाजवादी पेंशन योजना
अखिलेश यादव
UP Elections 2027: उत्तर प्रदेश की राजनीति में विधानसभा चुनाव को लेकर हलचल बढ़ने लगी है. इसी बीच समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने महिलाओं को लेकर बड़ा चुनावी ऐलान किया है. उन्होंने कहा है कि अगर समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है तो महिलाओं के लिए समाजवादी पेंशन योजना को नए स्वरूप में दोबारा शुरू किया जाएगा.
अखिलेश यादव ने बताया कि इस योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर साल 40 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने का लक्ष्य रखा जाएगा. उनके इस ऐलान को यूपी चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी की चुनावी रणनीति के अहम हिस्से के तौर पर देखा जा रहा है. पार्टी का फोकस खासतौर पर महिला मतदाताओं को अपने पक्ष में मजबूत करने पर है.
सपा सरकार में हुई थी शुरुआत
समाजवादी पार्टी के शासनकाल में पहले भी समाजवादी पेंशन योजना संचालित की गई थी. इस योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को सरकारी सहायता उपलब्ध कराना था. अब अखिलेश यादव ने संकेत दिया है कि सत्ता में वापसी के बाद इस योजना को पहले की तुलना में नए तरीके और व्यापक दायरे के साथ लागू किया जाएगा.
क्यों खास है अखिलेश का ये वादा
अखिलेश यादव का यह वादा ऐसे समय आया है, जब उत्तर प्रदेश में महिला वोटर्स चुनावी राजनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुकी हैं. अलग-अलग राजनीतिक दल महिलाओं के लिए आर्थिक सहायता, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं को अपने चुनावी एजेंडे में प्रमुखता दे रहे हैं.
सपा प्रमुख के इस ऐलान से साफ है कि पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में महिलाओं को अपने चुनावी अभियान के केंद्र में रखना चाहती है. सालाना 40 हजार रुपये की मदद का वादा सीधे तौर पर परिवारों की आर्थिक स्थिति से जुड़ा मुद्दा है. अब देखना होगा कि चुनावी मैदान में इस घोषणा को जनता के बीच कितना समर्थन मिलता है और अन्य दल इसके जवाब में क्या रणनीति अपनाते हैं.
ये भी पढ़ें:बैकफुट पर बार काउंसिल! अध्यक्ष मनन मिश्रा ने लॉ स्टूडेंट्स से माफी मांगी, क्या है पूरा मामला