‘कल डब्बू को क्यों पकड़ लिया, ये अच्‍छी बात है क्या…’, कार रोककर किसान ने तेंदुए से की शिकायत

MP News: शिवपुरी के माधव टाइगर रिजर्व से सटे हातोद गांव में तेंदुए की मौजूदगी से ग्रामीणों में चिंता बनी हुई है. लेकिन वहीं इस बीच एक किसान का तेंदुए से बातचीत करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
Leopard (file photo)

तेंदुए की (फाइल फोटो)

MP News: शिवपुरी के माधव टाइगर रिजर्व से सटे हातोद गांव में तेंदुए की मौजूदगी से ग्रामीणों में चिंता बनी हुई है. लेकिन वहीं इस बीच एक किसान का तेंदुए से बातचीत करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो में किसान कार रोककर तेंदुए से अपने पालतू डॉगी पर हमला करने को लेकर शिकायत करता नजर आ रहा है.

दरअसल, पूरा मामला हातोद गांव का बताया जा रहा है, जहां किसान मनीष मल्होत्रा कार से कहीं जा रहे थे. इसी दौरान सड़क किनारे ऊंचे टीले पर बैठे तेंदुए पर उनकी नजर पड़ी. किसान ने कार रोककर शीशा खोला और तेंदुए से बातचीत शुरू कर दी. वह तेंदुए से कहते सुनाई दे रहे हैं “कल तुमने डब्बू को पकड़ लिया, ये अच्छी बात है क्या?” इसके बाद किसान ने तेंदुए से कहा कि यहीं रहते हो और हमारा ही नुकसान करते हो.

तेंदुआ भी किसान को एकटक देखता रहा

वीडियो में तेंदुआ भी काफी देर तक किसान की ओर एकटक देखता नजर आता है. दोनों के बीच का यह अनोखा दृश्य सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच रहा है. हालांकि, आमतौर पर तेंदुए को सामने देखकर लोग डर जाते हैं, लेकिन इस वीडियो में किसान उससे अपने डॉगी पर हुए हमले को लेकर शिकायत करते नजर आ रहे हैं. वन्यजीव विशेषज्ञ का ऐसे मामलों में कहना है कि तेंदुए जैसे जंगली जानवर के इतने करीब जाना बेहद जोखिम भरा हो सकता है. विशेषज्ञ लोगों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने और जानवर को परेशान नहीं करने की सलाह देते हैं.

वीडियो की अभी पुष्ट‍ि नहीं

वायरल वीडियो को हातोद गांव का बताया जा रहा है, हालांकि इसकी स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है. वीडियो कब और किन परिस्थितियों में बनाया गया, इसकी आधिकारिक जानकारी भी सामने नहीं आई है. माधव टाइगर रिजर्व से लगे गांवों में तेंदुए की लगातार मौजूदगी के बीच ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर वन विभाग की निगरानी महत्वपूर्ण हो जाती है.

ये भी पढे़ं- Gwalior: हेड कॉन्स्टेबल को सांप ने काटा, बिस्तर में छिपे करैत ने बनाया निशाना, AI की मदद से समय पर मिला इलाज

ज़रूर पढ़ें