Morena: कोतवाली के पास होटल में चल रहा था ‘अय्याशी का अड्डा’! संदिग्ध हालत में पकड़े गए युवक-युवती
मुरैना: पुलिस छापेमारी में संदिग्ध हालत में पकड़े गए युवक-युवती
Morena Crime News: (मनोज शर्मा की रिपोर्ट) मुरैना शहर के बीचों-बीच स्थित लोहिया बाजार का एक होटल पुलिस की कार्रवाई के बाद सवालों के घेरे में आ गया है. आरोप है कि सिटी कोतवाली और उप पुलिस अधीक्षक कार्यालय से कुछ ही दूरी पर ‘द होटल फूड गराज’ में लंबे समय से संदिग्ध गतिविधियां चल रही थीं, लेकिन स्थानीय स्तर पर पुलिस की नजर इस कथित अड्डे तक नहीं पहुंची. बताया जा रहा है कि बड़े अधिकारी के हस्तक्षेप के बाद पुलिस ने होटल में छापामार कार्रवाई की. कार्रवाई के दौरान दो युवक और दो युवतियों को पुलिस ने पकड़ा.
सवाल बड़ा, पुलिस की नजर क्यों नहीं पड़ी?
शहर के बीचों-बीच, जिम्मेदार पुलिस अधिकारियों के कार्यालयों के आसपास यदि किसी होटल में संदिग्ध गतिविधियां संचालित होने की शिकायतें सामने आती हैं, तो सबसे बड़ा सवाल यही है कि स्थानीय पुलिस को इसकी भनक आखिर क्यों नहीं लगी? क्या होटल संचालकों की गतिविधियों की नियमित जांच होती है? क्या पुलिस ने पहले कभी होटलों के रजिस्टर और सीसीटीवी की जांच की? और अगर सब कुछ ठीक था, तो बड़े अधिकारी के हस्तक्षेप के बाद छापे की जरूरत क्यों पड़ी?
होटलों की निष्पक्ष जांच जरूरी
मुरैना में कई होटलों को लेकर समय-समय पर तरह-तरह की चर्चाएं सामने आती रही हैं. ऐसे में पुलिस को केवल कार्रवाई के बाद प्रेस नोट जारी करने के बजाय शहर के होटलों की नियमित और निष्पक्ष जांच भी करनी चाहिए. शहरवासियों का सवाल सीधा है. जब अपराधियों पर नजर रखने के लिए पुलिस के पास समय कम पड़ता है, तो शहर के बीचों-बीच चल रही ऐसी गतिविधियां पुलिस की नजर से कैसे बच जाती हैं?