Raipur News: कलेजे के टुकड़े को किसने सड़क पर फेंका! मां ने रची ऐसी महिमा…
Raipur News: 10 दिन के नवजात बच्चे को लावारिस हालत में परिजनों ने सड़क पर फेंक दिया. हम यहां परिजन इसलिए कह रहे है क्योंकि मासूम के जन्म के बाद जिस घर में किलकारियां गूंजी होगी वहां अब यदि वो न हो… और किस ने इसकी शिकायत भी न की हो, तो ये कहना गलत नहीं होगा कि इस मासूम को परिजनों ने ही सड़क में फेंक दिया होगा. लेकिन जन्म देने वाली मां ने चाहे जिस मजबूरी में ऐसा किया हो, ये पुलिस के लिए जांच का विषय है. लेकिन ऊपर वाली मां यानी माता रानी ने ऐसी महिमा रची कि अब ये मासूम सुरक्षित हाथों में है. पुलिस के मुताबिक जहां इस मासूम को छोड़ा गया था वहां चिरकुतहीन माता का मंदिर है.
ये है पूरा मामला
दरअसल 24 अगस्त को प्रातः लगभग 06ः37 बजे डायल-112 पुलिस टीम को सूचना प्राप्त हुई कि थाना मंदिर हसौद क्षेत्रांतर्गत मोनेट रोड, चिरकुतहीन माता मंदिर के पास एक नवजात शिशु लावारिस अवस्था में मिला है. सूचना प्राप्त होते ही डायल-112 पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई, मौके पर पहुंचने पर पुलिस टीम ने देखा कि लगभग 10 दिन का नवजात शिशु किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा वहां छोड़कर चला गया था. नवजात शिशु को लावारिस अवस्था में देखकर पुलिस टीम ने मानवीय संवेदनशीलता एवं तत्परता का परिचय देते हुए तत्काल उसे सुरक्षित अपने वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC), मंदिर हसौद पहुंचाया.
पुलिस की मानवीय पहल के तहत नवजात शिशु को समय पर चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराते हुए उसकी सुरक्षा एवं स्वास्थ्य को प्राथमिकता दी गई. अस्पताल में चिकित्सकीय जांच के उपरांत नवजात शिशु को शिशु वार्ड में सुरक्षित भर्ती कराया गया, जहां उसकी आवश्यक देखभाल की जा रही है. इस कार्यवाही में मंदिर हसौद टाइगर वन के पुलिसकर्मी आर. राजेश यादव एवं चालक टिकेंद्र साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही.
अब पुलिस इस नवजात को यहां छोड़ने वाले लोगों की तलाश में जुट गई है और इस क्षेत्र में लगे सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल शुरू कर दी है.
ये खबर भी जरूर पढ़ेंः Khairagrh Bus Accident: नींद का झोंका पड़ा भारी.. बस की टक्कर से स्कूटी सवार घायल, बस ड्राइवर मौके से फरार