श्रीलंका को ICC से झटका! चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी छीनी, जानें क्यों लिया गया ये कदम
ICC ने श्रीलंका से छीनी महिला चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी
ICC Srilanka Women Champions Trophy Action: श्रीलंका को अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) से बड़ा झटका लगा है. साल 2027 में होने वाली महिला चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी छीन ली है. ये टूर्नामेंट 14 से 28 फरवरी के बीच आयोजित किया जाना था. अब इन मैचों को श्रीलंका से बाहर खेला जाएगा. ट्रांसफॉर्मेशन कमेटी सचिव प्रकाश साफ्टर ने इस बात की पुष्टि की है. उनका कहना है कि इस टूर्नामेंट को किसी अन्य जगह खेला जाएगा. इसके लिए नया वेन्यू अभी तय नहीं किया गया है.
श्रीलंका से क्यों छीनी गई मेजबानी?
महिला चैंपियंस ट्रॉफी छिनने के पीछे की सबसे बड़ी वजह सरकार का श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड में दखलंदाजी को बताया जा रहा है. ICC के नियम के मुताबिक किसी भी देश के क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड में उस देश की सरकार का नियंत्रण या दखल नहीं होना चाहिए. दरअसल, श्रीलंकाई सरकार ने क्रिकेट बोर्ड को अस्थायी तौर पर अपने हाथों में ले लिया था.
इसके साथ ही क्रिकेट के काम-काज की देख-रेख करने के लिए एक ट्रांसफॉर्मेशन कमेटी का गठन किया था. ICC ने इस पर सख्ती दिखाई थी. उसका कहना था कि जितनी जल्दी हो सके, चुनाव कराए जाएं और स्वतंत्र बोर्ड का गठन हो. इसके विपरीत अब तक वहां ना तो चुनाव हुए और ना ही नई बोर्ड का गठन हुआ. इसके बाद ICC ने ये निर्णय लिया.
2024 में भी छीनी गई थी मेजबानी
पहले भी श्रीलंका में ऐसा कुछ हो चुका है. साल 2023-24 में कुछ महीनों के लिए श्रीलंका में क्रिकेट बोर्ड को सस्पेंड कर दिया गया था. उस समय भी ICC ने कड़ी कार्रवाई की थी. साल 2024 में होनी वाली अंडर-19 (पुरुष) विश्व कप मेजबानी श्रीलंका से छीनकर साउथ अफ्रीका को दे दी थी.
ये भी पढ़ें: ‘वर्ल्ड कप जीतना ही मेरा सपना है मुझे उम्मीद है कि…’, अनाया बांगर ने परिवार को लेकर कही ये बात, BCCI से की अपील
क्या श्रीलंका टीम टूर्नामेंट खेल पाएगी?
ICC की बोर्ड मीटिंग में फैसला लिया जाएगा कि इस टूर्नामेंट का मेजबान कौन होगा? महिला चैंपियंस ट्रॉफी में 6 देशों की टीम खेलती हैं. टॉप रैंकिंग के साथ-साथ मेजबानी करने वाले देश की टीम को सीधे एंट्री मिल जाती है. श्रीलंका क्रिकेट टीम की रैंकिंग छठवीं है. अब मेजबानी छिन जाने से टूर्नामेंट में खेलने पर खतरा मंडरा रहे हैं.