Bhopal: इंटर्न डॉक्टरों के समर्थन में उतरा JDA, OPD और गैर-इमरजेंसी सेवाएं रहेंगी बंद, मांग नहीं मानी तो तेज होगा आंदोलन

Bhopal Intern Doctors Protest: जूनियर डॉक्टर एसोसिएशन इंटर्न डॉक्टरों के प्रदर्शन के समर्थन में उतर आया है. इसके साथ ही प्रदेश के सभी मेडिकल कॉलेजों में ओपीडी और गैर-इमरजेंसी सेवाओं को बंद रखने का निर्णय लिया है.
gandhi medical college bhopal

गांधी मेडिकल कॉलेज, भोपाल

Bhopal Intern Doctors Protest: भोपाल में स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर इंटर्न डॉक्टर्स का प्रदर्शन जारी है. अब जूनियर डॉक्टर एसोसिएशन (JDA) इसके समर्थन में उतर आया है. इसके साथ ही प्रदेश के सभी मेडिकल कॉलेज में नियमित सेवाओं को बंद करने का निर्णय लिया है. एसोसिएशन की ओर से कहा गया है कि राज्य सरकार की ओर से संतोषजनक जवाब नहीं मिलता है तो आंदोलन को तेज किया जाएगा.

अधिकारियों के सामने कई बार अपनी मांग रखी

JDA की ओर से जारी प्रेस रिलीज में कहा गया है कि इंटर्न डॉक्टर्स पिछले कई हफ्तों से शांतिपूर्ण ढंग से विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं. वे अपने स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग कर रहे हैं. इसके साथ ही काम करने की स्थितियों से जुड़ी समस्याओं के समाधान की मांग कर रहे हैं. इस बारे में अधिकारियों के सामने कई बार अपनी बात को रखा गया. बातचीत के जरिए समाधान खोजने की कोशिश की गई लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिला.

भोपाल में सोमवार (7 सितंबर) को प्रदर्शन के दौरान इंटर्न डॉक्टरों और पुलिस के बीच झड़प हो गई थी. प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया था कि उन पर लाठीचार्ज और वाटर कैनन का इस्तेमाल किया गया. जेडीए की ओर से इसके बारे में कहा गया कि इंटर्न डॉक्टर्स और छात्र प्रतिनिधियों के शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने और बल प्रयोग की खबरों ने पूरे राज्य के मेडिकल समुदाय में गहरी चिंता पैदा कर दी है. मध्य प्रदेश का जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन (सेंट्रल JDA) किसी भी ऐसी कार्रवाई की कड़ी निंदा करता है जो मेडिकल छात्रों और इंटर्न द्वारा अपनी जायज शिकायतों को लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण ढंग से रखने के अधिकार को कमजोर करती है.

ये भी पढ़ें: MP की सड़कों पर डॉक्टर! सरकारी अस्पतालों में OPD बंद, इलाज के लिए भटक रहे मरीज

OPD और गैर-इमरजेंसी सेवा रोकी जाएंगी

इंटर्न डॉक्टर्स के साथ एकजुटता दिखाते हुए, सरकारी मेडिकल कॉलेजों के जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन के सामूहिक फैसले के तहत तय किया गया है कि पूरे राज्य में तुरंत प्रभाव से नियमित क्लिनिकल सेवाएं (जैसे OPD और अस्पताल की अन्य गैर-आपातकालीन गतिविधियां) रोक दी जाएंगी. इसके साथ ही ये भी कहा गया है कि मरीजों की सुरक्षा और जनहित को ध्यान में रखते हुए आपातकालीन सेवाएं, ट्रॉमा, ICU, लेबर रूम, क्रिटिकल केयर और अन्य जरूरी स्वास्थ्य सेवाएं बिना किसी रुकावट के जारी रहेंगी.

ज़रूर पढ़ें