सुबह 5 बजे आया नौकरी जाने का मेल, Oracle ने कर्मचारियों से कहा- आज आखिरी दिन

Oracle Employee Layoffs: Oracle में एक बार फिर छंटनी की खबर से कर्मचारियों में हड़कंप मच गया है. कई कर्मचारियों को सुबह-सुबह टर्मिनेशन ईमेल मिला, जिसमें बताया गया कि आज उनका आखिरी वर्किंग डे है.
Oracle

ओरेकल

Oracle Layoff Email: अमेरिकी टेक कंपनी ओरेकल में एक बार फ‍िर बड़े स्तर पर कर्मचारियों की छंटनी की गई है. जिसके बाद बड़ी संख्या में लोग बेरोजगार हो गए हैं. कंपनी में काम करने वालों को एचआर की तरफ से सुबह 5 बजे मेल भेजा गया. जिसमें कहा गया कि आज से आपकी नौकरी समाप्त की जाती है. हैरानी की बात यह रही कि कुछ कर्मचारियों को ईमेल मिलने से पहले ही Oracle के सिस्टम से उनका एक्सेस बंद कर दिया गया था.

रिपोर्ट के मुताबिक, कुछ कर्मचारियों का कंपनी के फेडरेटेड लॉगिन का एक्सेस सुबह करीब 4 बजे अचानक बिना किसी जानकारी के ही बंद हो गया. इसके बाद करीब 5 से 5:30 बजे के बीच कई कर्मचारियों को Slack से भी डिस्कनेक्ट कर दिया गया. ये सब होने के बाद कर्मचारियों को नौकरी से निकाले जाने की जानकारी दी गई.

कंपनी ने अपने मेल में क्या कहा?

ईमेल में Oracle Leadership की ओर से कहा गया कि कंपनी ने मौजूदा बिजनेस जरूरतों को देखते हुए कुछ पदों को खत्म करने का फैसला लिया है. इसे कंपनी में बड़े संगठनात्मक बदलाव का हिस्सा बताया गया. कर्मचारियों को साफ तौर पर बताया गया कि जिस दिन उन्हें यह ईमेल मिला, वही उनका आखिरी वर्किंग डे होगा.

कंपनी ने यह भी कहा कि प्रभावित कर्मचारियों को टर्मिनेशन की प्रक्रिया पूरी करने के बाद सेवरेंस पैकेज मिल सकता है. इसके लिए उन्हें जरूरी दस्तावेज पूरे करने होंगे. साथ ही कर्मचारियों से कहा गया कि वे अपना निजी ईमेल आईडी उपलब्ध कराएं, ताकि नौकरी खत्म होने के बाद उनसे जरूरी दस्तावेज और अन्य जानकारी साझा की जा सके.

पहली बार नहीं हुई इस तरह की छंटनी

Oracle में यह छंटनी ऐसे समय हुई है जब कंपनी पहले ही बड़ी संख्या में कर्मचारियों को कम कर चुकी है. वित्त वर्ष 2026 में Oracle की वर्कफोर्स करीब 21 हजार कर्मचारियों यानी लगभग 13 फीसदी कम हुई थी. छंटनी से पहले कंपनी में करीब 1.41 लाख कर्मचारी थे. हालांकि, Oracle ने इस नई छंटनी में कितने लोगों की नौकरी गई है, इसकी आधिकारिक संख्या अभी जारी नहीं की है.

कंपनी का यह कदम ऐसे समय आया है जब Oracle AI पर भारी निवेश कर रही है. अपने बिजनेस स्ट्रक्चर में बदलाव कर रही है. ऐसे में कर्मचारियों को अचानक सुबह ईमेल के जरिए नौकरी खत्म होने की जानकारी मिलने से इस छंटनी की चर्चा तेज हो गई है.

ये भी पढ़ें:दिशा सालियान केस में CBI ने दर्ज की FIR, प‍िता ने सूरज पंचोली-आदित्य ठाकरे को लेकर ये क्‍या कहा?

ज़रूर पढ़ें