10 करोड़ की सोने की खड़ाऊ पहनते हैं बाबा बागेश्वर? वायरल तस्वीरों ने मचाई हलचल, जान लीजिए सच
बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री
Baba Bageshwar gold khadaun: बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री अक्सर अपने बयानों और कार्यक्रमों को लेकर चर्चा में रहते हैं. हालांकि इस बार उनके किसी बयान नहीं बल्कि पैरों में पहनी जाने वाली खड़ाऊ सोशल मीडिया और मीडिया रिपोर्ट्स में चर्चा का विषय बनी हुई है. उनको लेकर दावा किया जा रहा है कि बाबा बागेश्वर के पैरों में रहने वाली खड़ाऊ सोने की बनी है. इसकी कीमत करोड़ों रुपये बताई जा रही है. हालांकि, इन दावों की तस्वीर कुछ अलग नजर आती है.
दरअसल, 14 सितंबर 2026 को गणेश चतुर्थी के मौके पर बाबा बागेश्वर मुंबई में मुकेश अंबानी के घर एंटीलिया पहुंचे थे. यहां गणेश उत्सव का आयोजन किया गया था. इस दौरान जब बाबा बागेश्वर मीडिया कैमरों के सामने आए तो उनके पैरों में मौजूद सुनहरे रंग की खड़ाऊ ने लोगों का ध्यान खींच लिया.
खड़ाऊ का रंग सुनहरा होने की वजह से सोशल मीडिया पर इसे सोने का बताया जाने लगा. कुछ पोस्ट और दावों में तो इसकी कीमत 10 करोड़ रुपये तक बताई गई. इसके बाद खड़ाऊ की तस्वीरें तेजी से वायरल होने लगीं और इसे लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं.
क्या है वायरल तसवीरों की हकीकत?
हालांकि, सामने आई तस्वीरों और उपलब्ध जानकारी के मुताबिक खड़ाऊ सोने की नहीं, बल्कि लकड़ी की बनी हुई हैं. इन पर सुनहरे रंग की फिनिश दिखाई देती है, जिसकी वजह से दूर से देखने पर ये सोने जैसी नजर आती हैं. तस्वीरों में खड़ाऊ की बनावट भी लकड़ी की ही दिखाई देती है.
मुंबई प्रवास के दौरान बाबा बागेश्वर की कुछ और तस्वीरें भी सामने आई हैं. इन तस्वीरों में उनके पैरों में यही खड़ाऊ नजर आ रही हैं. नजदीक से देखने पर इनके लकड़ी से बने होने के संकेत मिलते हैं. खड़ाऊ के निचले हिस्से में रबर की परत भी दिखाई देती है.
बाबा बागेश्वर के भक्त ने क्या बताया?
बाबा बागेश्वर से जुड़े भक्त राजपाल सिंह ने भी इन खड़ाऊ को लेकर जानकारी दी है. उनके मुताबिक, खड़ाऊ लकड़ी की ही हैं और बाबा बागेश्वर इन्हें धार्मिक परंपरा और महत्व के चलते पहनते हैं. ऐसे में 10 करोड़ रुपये की सोने की खड़ाऊ वाला दावा तस्वीरों से मेल नहीं खाता है. कुल मिलाकर बाबा बागेश्वर की खड़ाऊ को लेकर किया जा रहा दावा पूरी तरह से गलत है.
ये भी पढ़ें:धीरेंद्र शास्त्री के भाई शालिग्राम को हाई कोर्ट से राहत, गोलीकांड मामले में मिली जमानत