माफिया अतीक अहमद से जब्त जमीन पर बसे परिवार खुश, PM मोदी के जन्मदिन पर मनाएंगे दीवाली
पीएम मोदी (File Photo)
Families Celebrate PM Modi Birthday: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर कई जगहों पर दीवाली मनाई जाएगी. उनमें से एक जगह है प्रयागराज का लूकरगंज. यहां पर माफिया अतीक अहमद के कब्जे से छुड़ाई गई जमीन पर प्रधानमंत्री आवास योजना से बने आवास, जो गरीब परिवारों को आवंटित किए गए हैं. वहां पर दीपोत्सव मनाया जाएगा. भाजपा ने इसे ‘सबका साथ, सबका विकास’ का जीता-जागता उदाहरण बताया है. वहीं, समाजवादी पार्टी ने भाजपा पर ध्रुवीकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया है.
प्रयागराज में कभी खौफ का ठिकाना रही यह जगह आज गरीब परिवारों की उम्मीद बन गई है. जरूरतमंद परिवारों के सिर पर पक्की छत हो गई है. वहां पर रह रहे परिवारों ने इस बार पीएम मोदी के जन्मदिन पर दीप जलाकर पीएम मोदी को शुभकामनाएं देने की तैयारी की है. उनका कहना है कि हम जन्मदिन पर दीवाली मनाएंगे.
प्रधानमंत्री आवास योजना से बने हैं फ्लैट्स
प्रधानमंत्री आवास योजना से बने घरों पर रहने वाले परिवारों को लेकर प्रयागराज शहर पश्चिम के विधायक और पूर्व मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह ने बताया कि अतीक अहमद जिस समय जिंदा था और जेल में बंद था. उसी समय सरकार ने उससे कब्जा छुड़ाकर फ्लैट्स बना दिए हैं. केंद्र सरकार की योजना प्रधानमंत्री आवास योजना से आवास बना दिए हैं, जो गरीबों को दिया गया है.
अतीक के कब्जे वाली जमीन पर बसे 76 परिवार
उन्होंने आगे बताया कि हम उन परिवारों को दीया और मिठाई पहुंचाएंगे, ताकि वे अच्छे से दीवाली मना सकें. राजनीति को लेकर उन्होंने कहा कि यहां कोई राजनीति नहीं हो रही है क्योंकि उन 76 परिवारों में मुसलमान भी शामिल हैं. इस दौरान उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि आपका ही नारा सांप्रदायिक है. आप हमेशा पीडीए को परिवर्तित करते रहते हैं.
ये भी पढ़ेंः प्रयागराज में सपा नेता पवन यादव की गोली मारकर हत्या, भाई ने पुलिस को क्या बताया?
सपा प्रवक्ता ने BJP को घेरा
वहीं भाजपा विधायक के बयानों को लेकर सपा प्रवक्ता मनोज काका ने कहा कि अगर सरकार को सच में भू-माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई करनी है, तो आपको बताना चाहिए कि लखनऊ में सबसे ज्यादा जमीनें किस लोगों ने कब्जा कर रखी हैं. उन माफियाओं की भी जमीनों से कब्जा छुड़ाकर गरीबों में बांटिए, हम भी आपकी तारीफ करेंगे.