MP News: 4 साल की कड़ी मेहनत से पूरा किया सपना, MPPSC सहायक कुलसचिव परीक्षा में रुचि तिवारी ने मारी बाजी
रुचि तिवारी
रिपोर्ट – चंदन श्रीवास
MP News: कहते हैं कि मंजिल उन्हीं को मिलती है, जिनके हौसलों में उड़ान होती है. इस कहावत को उमरिया जिले के नौरोजाबाद की बेटी रुचि तिवारी ने अपनी मेहनत और आत्मविश्वास से इस बात को सच कर दिखाया है. मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग की सहायक कुलसचिव परीक्षा में रुचि ने चार वर्षों के प्रयास में सफलता हासिल कर परिवार के साथ-साथ पूरे नौरोजाबाद का नाम रोशन किया है.
इंदौर में रहकर की MPPSC की तैयारी
नौरोजाबाद निवासी राजेंद्र तिवारी की बेटी रुचि ने अपनी स्कूली शिक्षा कक्षा पहली से 12वीं तक नौरोजाबाद में ही पूरी की. इसके बाद पंडित जवाहर लाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय जबलपुर से स्नातक की पढ़ाई पूरी की. बड़ा लक्ष्य था और उसे हासिल करने के लिए रुचि इंदौर पहुंचीं. यहां MPPSC की तैयारी के साथ लगातार मेहनत करती रहीं. माता-पिता और शिक्षकों का भी भरपूर साथ मिला. इसके बाद रुचि ने भी अपनी पूरी ताकत लक्ष्य हासिल करने में लगा दी.
चार साल की मेहनत के बाद सफलता कदमों में
रुचि को खुद भी उम्मीद नहीं थी कि चार वर्षों के बाद प्रयास में सफलता उनके कदम चूमेगी. लेकिन जब परिणाम सामने आया तो परिवार की खुशी का ठिकाना नहीं रहा. घर पर बधाइयों का सिलसिला शुरू हो गया. रिश्तेदार और पड़ोसी मिठाई लेकर घर पहुंचे और रुचि की सफलता का जश्न मनाया जा रहा है.
रुचि ने कहा- मेहनत से लक्ष्य असंभव नहीं
रुचि की यह कामयाबी उन बेटियों के लिए भी एक संदेश है, जो बड़े सपने देखती हैं. लेकिन परिस्थितियों से डर जाती हैं. रुचि का कहना है कि मेहनत, आत्मविश्वास और लगातार प्रयास के सामने कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं है. नौरोजाबाद की गलियों से निकलकर सफलता की इस मंजिल तक पहुंची रुचि तिवारी ने साबित कर दिया है कि सपने छोटे शहर में देखे जाएं या बड़े शहर में उन्हें पूरा करने के लिए हौसला बड़ा होना चाहिए.