चंद्रबाबू नायडू ने अयोध्या में CM योगी से क्यों मांगी 10 एकड़ जमीन? जानिए वजह
सीएम नायडू और योगी आदित्यनाथ
Balaji Temple to Be Built: आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने उत्तर प्रदेश सरकार से 10 एकड़ जमीन देने की मांग की है. सीएम नायडू ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से कहा कि हम अयोध्या में भगवान वेंकटेश्वर यानी बालाजी का मंदिर बनाना चाहते हैं. इसलिए हमें अयोध्या में 5 से 10 एकड़ जमीन की व्यवस्था कराएं. हालांकि सीएम नायडू की मांग को लेकर अभी तक यूपी सरकार का कोई बयान सामने नहीं आया है.
सीएम नायडू ने यह प्रस्ताव वाराणसी-वडनगर सेवा संकल्प अभियान के कार्यक्रम के दौरान रखा. कार्यक्रम में सीएम योगी भी शामिल रहे. इस दौरान सीएम नायडू ने कहा कि इससे अयोध्या और तिरुपति जैसे दो प्रमुख तीर्थस्थलों के बीच धार्मिक जुड़ाव मजबूत होगा. इस दौरान उन्होंने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण को लेकर पीएम मोदी का भी धन्यवाद दिया.
सीएम योगी से की 10 एकड़ जमीन की मांग
सीएम नायडू ने इस दौरान कहा कि भगवान राम त्रेता युग के देवता हैं, जबकि भगवान वेंकटेश्वर को कलयुग का देवता माना जाता है. नायडू ने भगवान राम और भगवान वेंकटेश्वर के धार्मिक उल्लेख का महत्व बताते हुए सीएम योगी से अयोध्या में 5 से 10 एकड़ जमीन देने का अनुरोध किया. ताकि अयोध्या में भगवान वेंकटेश्वर का मंदिर बन सके.
ये भी पढ़ेंः BJP से इस्तीफे के बाद शहजाद पूनावाला की दूसरी पारी शुरू, Prime Video के इस शो में आएंगे नजर
सीएम योगी को बताया सबसे लोकप्रिय CM
इस दौरान सीएन नायडू ने सीएम योगी को लोकप्रिय मुख्यमंत्री बताया और उनकी ऊर्जा से प्रभावित होने की बात कही. महाकुंभ को लेकर तारीफ करते हुए कहा कि सीएम योगी ने तो वहां जादू कर दिया. यानी अब यह तो तय हो गया है कि अगर सीएम योगी अयोध्या में 10 एकड़ जमीन देते हैं, तो जल्द ही अयोध्या में भगवान वेंकटेश्वर का भव्य मंदिर बनेगा.