CG News: कांग्रेस के 20 बागी नेताओं का निष्कासन रद्द, कुकरेजा-डोंगरे समेत कई की होगी घर वापसी
फाइल फोटो
Chhattisgarh Politics: छत्तीसगढ़ कांग्रेस में बड़ा राजनीतिक फेरबदल हुआ है. प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने 5 जिलों के 20 बागी नेताओं और कार्यकर्ताओं का निष्कासन तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया है. ये फैसला पार्टी की अनुशासन समिति की बैठक में लिया गया है. इस बैठक के बाद प्रभारी महामंत्री द्वारा निष्कासन तत्काल प्रभाव से रद्द करने का आदेश जारी किया गया है.
घर वापसी का रास्ता साफ
इस आदेश के जारी होने के बाद रायपुर के आनंद कुकरेजा और राजनांदगांव के सिद्धार्थ डोंगरे समेत कई दिग्गजों की घर वापसी का रास्ता साफ हो गया है. पहली सूची में रायपुर, मुंगेली, गरियाबंद, कोंडागांव और राजनांदगांव के नेताओं के नाम शामिल हैं. रायपुर से आनंद कुकरेजा, पूनम पांडेय और विशाल रजानी का निष्कासन रद्द किया गया है. वहीं मुंगेली से पार्षद विनय चोपड़ा को भी राहत दी गई है.

गरियाबंद से गोरेलाल सिन्हा, राधोवा महाड़िक, भविष्य प्रधान, ऋतिक सिन्हा और भानुप्रताप साहू का निष्कासन रद्द किया गया है. वहीं कोंडागांव से सुशील सोनी का नाम सूची में शामिल है. राजनांदगांव जिले की बात करें तो इस जिले से सबसे ज्यादा नेताओं की नाम इस लिस्ट में शामिल है.
यह भी पढ़ें-छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट को मिले नए कार्यवाहक चीफ जस्टिस, संजय के अग्रवाल संभालेंगे मुख्य न्यायधीश की जिम्मेदारी
आदेश के बाद इन नेताओं की पार्टी संगठन में दोबारा सक्रिय भूमिका को लेकर भी चर्चाएं शुरू हो गई हैं. प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि अनुशासन समिति की बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार संबंधित कांग्रेसजनों का निष्कासन तत्काल प्रभाव से रद्द किया जाता है. प्रभारी महामंत्री (संगठन एवं प्रशासन) मलकीत सिंह गैदू की ओर से आदेश जारी किया गया है.