भोपाल में लेडी इंस्पेक्टर की हथौड़ा मारकर हत्या, दोस्त का शव फंदे से लटका मिला, शादी को लेकर था विवाद
भोपाल: महिला इंस्पेक्टर की हत्या
Bhopal Crime News: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से सनसनीखेज मामला सामने आया है. RTO में तैनात महिला इंस्पेक्टर की हथौड़ा मारकर हत्या कर दी गई. जिस जगह वारदात को अंजाम दिया गया, उससे कुछ दूरी पर मृतिका के दोस्त ने पेड़ पर फांसी का फंदा डालकर आत्महत्या कर ली. पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.
क्या है पूरा मामला?
ये पूरा मामला भोपाल के खजूरी सड़क थाना क्षेत्र का है. भंवरी जोड़ स्थित लेखपाल कॉलोनी में RTO महिला इंस्पेक्टर मीनाक्षी गोखले का शव खून लथपथ हालत में मिला. पुलिस के मुताबिक अधिकारी के दोस्त पवन द्विवेदी ने ही सिर पर हथौड़े से वार करके बेरहमी से हत्या कर दी. पुलिस ने घटनास्थल से हथौड़ा बरामद किया है. FSL की टीम ने मौके पर पहुंचकर सबूत जुटाए हैं.
दोस्त ने पुलिस को दी जानकारी
मीनाक्षी की तैनाती दतिया में RTO इंस्पेक्टर के तौर पर थी. वे तलाकशुदा थीं और उनकी एक तीन साल की बच्ची थी. महिला इंस्पेक्टर की दोस्त कृतिका रविवार (20 सितंबर) को उनके घर पहुंची थीं. दोस्त बच्ची के साथ घर के अंदर वाले कमरे में सो रही थीं. वहीं, मीनाक्षी बाहर वाले कमरे में सो रही थीं. इस वारदात के बारे में कृतिका ने पुलिस को जानकारी दी. उन्होंने पुलिस को बताया कि जब वे सुबह उठीं तो देखा कि मीनाक्षी का शव कमरे में पड़ा हुआ है.
ये भी पढ़ें: भोपाल में कार ड्राइवर की दादागिरी! बाइक सवार पिता-बेटी को मारी टक्कर, दिखाई दबंगई
दोस्त ने फांसी लगाकर सुसाइड
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि मीनाक्षी का दोस्त पवन द्विवेदी सीधी जिले का रहने वाला था. पहले वह इंदौर में प्रतियोगी परीक्षा की कोचिंग क्लासेस चलाता था. मीनाक्षी और पवन की मुलाकात इंदौर में ही हुई थी. पुलिस के अनुसार उनका दो साल पहले तलाक हुआ था. दोस्त ने वारदात को अंजाम देने के बाद घर के पास पेड़ पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली.