खंडवा में गणेश विसर्जन में बड़ा हादसा, खदान के गहरे पानी में डूबे 5 युवक, 3 को बचाया, दो की तलाश जारी

Khandwa News: खदान में बने गहरे पानी के गड्ढे में गणेश प्रतिमा विसर्जन करने पहुंचे पांच युवक डूब गए. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई.
SDRF engaged in the search for two youths.

2 युवक की तलाश में जुटी एसडीआरएफ

रिपोर्ट – शेख शकील

Khandwa News: मध्य प्रदेश के खंडवा जिले से सटे ग्राम नहलादा में शुक्रवार को गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा हो गया. गिट्टी खदान में बने गहरे पानी के गड्ढे में गणेश प्रतिमा विसर्जन करने पहुंचे पांच युवक डूब गए. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. ग्रामीणों ने तत्काल बचाव का प्रयास किया, जिसमें तीन युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि दो सगे भाइयों का अभी तक कोई पता नहीं चल सका है.

युवकाें की तलाश में जुटी एसडीआरएफ की टीम

हादसे की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और लापता युवकों की तलाश शुरू की. जिला प्रशासन का अमला भी घटनास्थल पर पहुंच गया. खदान के गहरे पानी में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है. लापता युवकों की पहचान विश्वास (17) और लक्ष्य (16) के रूप में हुई है. दोनों सगे भाई बताए जा रहे हैं. परिजन और ग्रामीण मौके पर मौजूद हैं और दोनों के सकुशल मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं.

खदान में पानी का स्‍तर ज्यादा

बताया जा रहा है कि खदान में पानी काफी गहरा होने के कारण रेस्क्यू टीम को तलाश में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. वहीं, गोताखोरों की कमी को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी भी देखने को मिल रही है. ग्रामीणों का कहना है कि हादसे के बाद तत्काल पर्याप्त संख्या में प्रशिक्षित गोताखोर उपलब्ध होने चाहिए थे. फिलहाल एसडीआरएफ और प्रशासन की टीम द्वारा दोनों लापता युवकों की तलाश जारी है. घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा है.

ये भी पढे़ं- Khandwa: लोकायुक्त के हत्थे चढ़ा सब इंजीनियर, 14 हजार रुपये रिश्‍वत लेते रंगे हाथ पकड़ाया

ज़रूर पढ़ें