चेहरे पर मास्क लगाकर इंदौर के सराफा बाजार पहुंची दिव्या दत्ता, चखा स्ट्रीट फूड, बोलीं- चुपके खाने का मजा ही अलग
दिव्या दत्ता
Indore News: इंदौर के मशहूर सराफा बाजार में बुधवार रात बॉलीवुड अभिनेत्री और लेखिका दिव्या दत्ता पति डॉ. राहुल एस दत्ता के साथ पहुंचीं. लोगों की नजरों से बचने के लिए दिव्या ने सिर पर स्कार्फ और चेहरे पर मास्क लगा रखा था. इस दौरान उन्होंने देर रात तक चलने वाले सराफा के फूड मार्केट का लुत्फ उठाया और वहां के कई लोकप्रिय व्यंजनों का स्वाद चखा.
पति के साथ सराफा में घूमीं दिव्या
दिव्या दत्ता ने पति के साथ सराफा बाजार में घूमते हुए स्ट्रीट फूड का आनंद लिया. दोनों बाजार की चहल-पहल के बीच अलग-अलग दुकानों पर पहुंचे और स्थानीय व्यंजनों का स्वाद लिया. इस दौरान दिव्या ने छोले टिकिया, पापड़ी चाट, गराडू और कोकोनट क्रश का स्वाद लिया. उन्होंने बाजार में बिताए इस वक्त का वीडियो भी सोशल मीडिया पर साझा किया.
सोशल मीडिया पर लिखा- चुपके खाने का मजा ही अलग
वीडियो पोस्ट करते हुए दिव्या दत्ता ने इंदौर के सराफा बाजार की जमकर तारीफ की. उन्होंने लिखा, “Absolutely loved the sarafa bazaar in Indore!! What a fab concept of late night food market!! Aur chup ke khaane ka mazzaaa hi aur hai.” उनके इस अंदाज ने सोशल मीडिया यूजर्स का ध्यान खींचा. खास तौर पर ‘चुपके खाने’ वाली बात लोगों को पसंद आई.
इंदौर के लोगों ने किया स्वागत
दिव्या की पोस्ट पर इंदौर के लोगों ने भी प्रतिक्रियाएं दीं. कई यूजर्स ने उनका स्वागत करते हुए इंदौर के खान-पान और सराफा बाजार का जिक्र किया. एक यूजर ने उन्हें इंदौर और मध्य प्रदेश की तारीफ करते हुए स्वागत संदेश दिया, जबकि अन्य लोगों ने उनके सराफा दौरे को लेकर शुभकामनाएं दीं. कुछ यूजर्स ने इसे दिव्या के प्री-बर्थडे सेलिब्रेशन से भी जोड़ा और उन्हें जन्मदिन की बधाई दी.
दिन में ज्वेलरी, रात में फूड मार्केट
इंदौर का सराफा बाजार दिन के समय सोने-चांदी के कारोबार के लिए जाना जाता है, लेकिन रात होते ही यहां का नजारा पूरी तरह बदल जाता है. शाम के बाद बाजार की कई दुकानें स्ट्रीट फूड का रूप ले लेती हैं और देर रात तक यहां खाने के शौकीनों की भीड़ जुटी रहती है.
पोहा-जलेबी से लेकर गराडू, पापड़ी चाट, भुट्टे का किस, मलाई पान और कुल्फी तक कई स्थानीय व्यंजन यहां लोगों को आकर्षित करते हैं. इसी खास अंदाज के चलते सराफा बाजार इंदौर की पहचान और देशभर से आने वाले लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है.
ये भी पढे़ं- भोपाल-इंदौर में आज ‘नो UPI डे’, कैश से करना होगा पेमेंट, व्यापारी MDR चार्ज का जता रहे विरोध