‘यह मेरा आखिरी वर्ल्ड कप…’, 2027 ODI WC को लेकर विराट कोहली ने तोड़ी चुप्पी, दिया इमोशनल बयान
विराट कोहली
Virat Kohli: भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने वनडे वर्ल्ड कप 2027 को लेकर अपने इरादे साफ कर दिए हैं. किंग कोहली ने कहा है कि 2027 में होने वाला आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप भारत के लिए उनका आखिरी आईसीसी टूर्नामेंट होगा और वह इस खिताब को जीतने के लिए कुछ भी करने के लिए तैयार हैं. बता दें, अगले साल होना वाला वर्ल्ड कप दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की संयुक्त मेजबानी में खेला जाएगा.
2027 वनडे वर्ल्ड कप को लेकर क्या बोले विराट कोहली?
दरअसल, 27 सितंबर से भारत और वेस्टइंडीज के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली जानी है. इस आगामी सीरीज में विराट कोहली भारतीय स्क्वाड का हिस्सा हैं. वेस्टइंडीज के खिलाफ मुकाबले से पहले कोहली ने जियो स्टार से बात करते हुए 2027 वनडे वर्ल्ड कप को लेकर अपने इरादे साफ कर दिए हैं. इस दौरान उन्होंने कहा, ”मेरे लिए, यह भारत के लिए खेलने वाला आखिरी वर्ल्ड कप है और यही मेरा मोटिवेशन है. ऐसे में जाहिर तौर, मेरा मकसद वर्ल्ड कप जीतना ही है और इसके लिए जो कुछ भी करना पड़े, मैं उसके लिए पूरी तरह तैयार हूं.”
Virat Kohli is ready to give ‘whatever it takes’ to win the 2027 World Cup for India 🔥 https://t.co/BSygbK4vDJ
— Cricbuzz (@cricbuzz) September 26, 2026
यह भी पढ़ें: Asian Games 2026: क्वार्टर फाइनल में टीम इंडिया की किससे होगी भिड़त? इस दिन खेला जाएगा मैच
वर्ल्ड कप में कैसा है कोहली का रिकॉर्ड?
विराट कोहली वर्ल्ड कप इतिहास के सबसे सफल बल्लेबाजों में शुमार हैं. वनडे वर्ल्ड कप में उन्होंने अब तक कुल 37 मैच खेले हैं, जिसमें 59.83 की औसत से उन्होंने 1,795 रन बनाए हैं. इस दौरान उनके बल्ले से 5 शतक और 12 अर्धशतक निकले हैं. वहीं, कोहली के वनडे करियर की बात करें, तो इसकी 302 पारियों में उनके नाम 14,941 रन दर्ज हैं, जिसमें 54 शतक और 78 अर्धशतक शामिल हैं.
कब खेला जाएगा 2027 वनडे वर्ल्ड कप?
रिपोर्ट्स के मुताबिक वनडे वर्ल्ड कप 2027 का आयोजन 4 अक्टूबर से 21 नवंबर तक किया जाएगा. इस बार आगामी वर्ल्ड कप का फॉर्मैट भी बदल दिया गया है. नए फॉर्मैट के मुताबिक इस बार 14 टीमें वर्ल्ड कप ट्रॉफी के लिए अपनी दावेदारी पेश करेंगी. पहले रैंकिंग में आखिरी की तीन टीमों के बीच सुपर-3 सीरीज खेली जाएगी, फिर 12 टीमों के बीच सुपर-7 स्टेज के लिए भिड़ंत होगी.