34 हजार फीट पर हाईजैक जैसे हालात, चाकू लगने के बाद भी भारतीय पायलट ने बचाई 180 जानें
Smit Machchhar: दुबई से तेल अवीव जा रही एक फ्लाइट को हाईजैक कर क्रैश कराने की कोशिश हुई. फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 में बुधवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब कॉकपिट में दोनों पायलटों के बीच गंभीर झड़प हो गई. इस दौरान भारतीय नागरिक और फ्लाइट के कैप्टन सिमित मछार घायल हो गए.
रिपोर्ट के मुताबिक, उन्हें कथित तौर पर उनके ओमानी सह-पायलट ने चाकू मार दिया. घटना के बाद विमान को सऊदी अरब के तबुक एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी. हालांकि इस दौरान भी मछार ने हादसे को रोकने की पूरी कोशिश की. जिसमें वह कामयाब भी रहे.
34 हजार फिट की ऊंचाई पर था विमान
घटना के दौरान विमान करीब 34 हजार फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा था. फ्लाइट ट्रैकिंग डेटा के मुताबिक, विमान ने महज 37 सेकंड में लगभग 14,300 फीट की ऊंचाई खो दी. इसके बाद विमान से इमरजेंसी सिग्नल भेजे गए और उसे सऊदी अरब की ओर मोड़ दिया गया.
आतंकी हमले की साजिश?
फ्लाईदुबई ने फिलहाल घटना को सिर्फ उड़ान के दौरान हुई एक घटना बताया है. विमान सुरक्षित रूप से तबुक में उतरा और सभी यात्रियों के सुरक्षित होने की पुष्टि की गई. दोनों पायलटों को अस्पताल ले जाया गया. घटना की जांच जारी है. दावा यह भी किया जा रहा है कि फिर से 26/11 हमले जैसी कोशिश की गई.
वहीं इस पूरे मामले पर इजरायली सरकार भी सख्त नजर आ रही है. सरकार का साफ कहना है कि जो भी इसमें शामिल होगा, उसे छोड़ा नहीं जाएगा.
स्पाइसजेट के साथ भी कर चुके मछार काम
स्मित मछार फ्लाईदुबई के बोइंग 737 बेड़े में जून 2022 से कैप्टन के तौर पर काम कर रहे हैं. इससे पहले वह करीब 11 साल तक स्पाइसजेट से जुड़े रहे. स्पाइसजेट में उन्होंने सीनियर कमांडर के साथ-साथ लाइन ट्रेनिंग कैप्टन की जिम्मेदारी भी संभाली थी.उनके प्रोफाइल के अनुसार, उनके पास बोइंग 737-800 और 737 MAX 8/9 विमानों को उड़ाने का करीब 9,750 घंटे का अनुभव है.
ये भी पढ़ें: दुबई से इजरायल जा रही फ्लाइट के पायलट आपस में भिड़े, कॉकपिट में चले चाकू, 180 यात्री थे सवार