UN में हाफिज सईद पर घिरे शहबाज शरीफ, सवाल आया तो बिना जवाब दिए भागे
प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ
Shehbaz Sharif Hafiz Saeed Question: न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा के 81वें सत्र के दौरान पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को हाफिज सईद के मुद्दे पर पत्रकारों के सवालों का सामना करना पड़ा. संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में पहुंचने और वहां से बाहर निकलने के दौरान उनसे आतंकवाद और लश्कर-ए-तैयबा के संस्थापक हाफिज सईद को लेकर सवाल किए गए. लेकिन, उन्होंने किसी भी सवाल का जवाब नहीं दिया. वे इस तरह के सवालों से कन्नी काटते नजर आए.
शहबाज शरीफ जब UN मुख्यालय में दाखिल हो रहे थे, तभी एक पत्रकार ने उनसे पूछा कि पाकिस्तान आतंकवादियों को पनाह देना कब बंद करेगा. शरीफ ने सवाल का जवाब देने के बजाय चुपचाप आगे बढ़ना जारी रखा. कुछ देर बाद जब वह UN मुख्यालय से बाहर निकल रहे थे, तब उनसे दोबारा हाफिज सईद को लेकर सवाल किया गया.
पत्रकार ने पूछा कि पाकिस्तान लश्कर-ए-तैयबा के प्रमुख हाफिज सईद के खिलाफ मुकदमा कब चलाएगा. इस सवाल पर भी शरीफ ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी और बिना जवाब दिए वहां से निकल गए.
कौन है हाफिज सईद?
हाफिज मोहम्मद सईद लश्कर-ए-तैयबा का संस्थापक है. भारत में उसे गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम के तहत नामित आतंकवादी घोषित किया गया है. वह 2008 के मुंबई आतंकी हमलों से जुड़े मामले में भारत का वांछित आरोपी है.
इसके अलावा, 22 अप्रैल 2025 को हुए पहलगाम आतंकी हमले की जांच में उसका नाम सामने आया है.राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने हाफिज सईद का नाम अपनी सप्लीमेंट्री चार्जशीट में आरोपी नंबर 8 के तौर पर शामिल किया है. NIA ने आरोप लगाया है कि हमले की बड़ी साजिश में पाकिस्तान स्थित लश्कर-ए-तैयबा के नेटवर्क की भूमिका थी.
UN के मंच से आतंकवाद पर निशाना
शहबाज शरीफ से ये सवाल ऐसे समय पूछे गए हैं, जब UN के मंच पर भारत ने भी आतंकवाद को लेकर पाकिस्तान पर निशाना साधा है. भारत ने पाकिस्तान से आतंकवाद और दूसरे मुद्दों पर ध्यान देने के बजाय अपनी आर्थिक चुनौतियों पर काम करने की बात कही.
ये भी पढ़ें: ‘रायबरेली गए अखिलेश तो हम भी जाएंगे इटावा-सैफई’, अजय राय की दो टूक, टूट जाएगा यूपी चुनाव में INDIA गठबंधन?