हद हो गई! BJP सांसद के घर अनोखी चोरी, गहने-कैश के साथ गटर का ढक्कन लेकर चोर फरार

दिल्ली के वीआईपी इलाके फिरोजशाह रोड पर स्थित राज्यसभा सांसद डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल के घर से चोरी की घटना सामने आई है.
Rajya Sabha MP theft

सांसद डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल का घर

दिल्ली के वीआईपी इलाके फिरोजशाह रोड पर स्थित राज्यसभा सांसद डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल के घर से चोरी की घटना सामने आई है. सबसे हैरानी की बात तो यह है कि चोर कीमती सामान जैसे गहने और कैश के अलावा गटर का ढक्कन भी चुरा ले गए. इसी वजह से ये चोरी की घटना चर्चा का विषय बनी हुई है. पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.

अजीबोगरीब चोरी की वारदात

अजीबोगरीब चोरी की ये वारदात कोठी नंबर 18 में हुई. डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल भारतीय जनता पार्टी के नेता हैं. उनका आवास फिरोजशाह रोड पर है. इस इलाके में सांसदों समेत कई बड़ी हस्तियों के आवास हैं. यह इलाका दिल्ली की सबसे वीआईपी जगहों में गिना जाता है.

दिल्ली से बाहर था सांसद का परिवार

जानकारी के मुताबिक, जब ये चोरी की घटना हुई तब सांसद राधा मोहन दास का परिवार दिल्ली में नहीं था. मौका पाते ही चोर घर के अंदर घुसे और वारदात को अंजाम दिया. चोरों ने बाथरूम की टोटी तक नहीं छोड़ी. इतना ही नहीं, चोर घर के बाहर लगे गटर के ढक्कन को भी चुरा ले गए. इस घटना की सूचना शनिवार शाम बाराखंभा रोड थाना पुलिस को कंट्रोल रूम के माध्यम से मिली.

सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू

चोरी गए सामान की पूरी सूची अभी तैयार नहीं हो सकी है. सांसद के परिवार के सदस्य रविवार रात तक दिल्ली पहुंचेंगे. उनके आने के बाद घर की विस्तृत जांच और सामान का मिलान किया जाएगा. इसके बाद ही चोरी गए सामान की सही संख्या और कीमत का पता चल सकेगा. पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है. फुटेज के जरिए यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपित किस रास्ते से परिसर में दाखिल हुए और वारदात के बाद किस दिशा में फरार हुए.

यह भी पढ़ें- ‘इकरा हसन तैयार हों तो हिंदू लड़के से शादी…’, कैराना सांसद को लेकर BJP विधायक का बड़ा बयान

ज़रूर पढ़ें