भोपाल का सिद्धांता अस्पताल सील, नगर निगम ने नियमों के उल्लंघन के बाद की कार्रवाई
सिद्धांता अस्पताल सील
Bhopal News: भोपाल में रेडक्रॉस सोसायटी स्थित सिद्धांता अस्पताल के खिलाफ नगर निगम ने बड़ी कार्रवाई की है. नगर निगम की भवन अनुज्ञा शाखा ने बुधवार को नियमों के विपरीत अस्पताल का संचालन पाए जाने पर भवन को सील कर दिया. कार्रवाई के दौरान निगम की टीम ने भवन के स्वीकृत उपयोग और मौजूदा गतिविधियों में अंतर पाया.
छात्रावास के लिए स्वीकृत था भवन
नगर निगम के मुताबिक, संबंधित भवन को कामकाजी महिला छात्रावास के लिए G+1 संरचना के रूप में स्वीकृति दी गई थी. हालांकि, स्वीकृत प्रयोजन के विपरीत इसी भवन में अस्पताल का संचालन किया जा रहा था. इसे भवन अनुज्ञा की शर्तों और अधिभोग नियमों का उल्लंघन माना गया.
फायर सेफ्टी मानकों पर भी सवाल
जांच के दौरान भवन में फायर सेफ्टी से जुड़े जरूरी इंतजाम निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए थे. इन कमियों को लेकर पहले भी संबंधित विभागों की ओर से कार्रवाई की गई थी. सिद्धांता अस्पताल के संचालन को लेकर सीएमएचओ कार्यालय ने भी विभिन्न अनियमितताओं के आधार पर अनुमति निरस्त कर दी थी.
जांच में मिलीं 19 गंभीर कमियां
सीएमएचओ कार्यालय की जांच के दौरान अस्पताल में सुरक्षा और उपचार व्यवस्था से जुड़ी 19 गंभीर कमियां सामने आई थीं. इन कमियों की जांच के लिए विभाग की ओर से टीम गठित की गई थी, जिसने अस्पताल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया.
नर्सिंग होम रजिस्ट्रेशन और लाइसेंस भी निरस्त
जांच के बाद अस्पताल का नर्सिंग होम रजिस्ट्रेशन और लाइसेंस भी निरस्त कर दिया गया था. इसके बाद नगर निगम की भवन अनुज्ञा शाखा ने भवन के स्वीकृत उपयोग के उल्लंघन को आधार बनाते हुए सिद्धांता अस्पताल को सील करने की कार्रवाई की.
ये भी पढे़ं- आयुष्मान योजना में गड़बड़ी पर MP के 83 अस्पतालों पर कार्रवाई, 18 ब्लैकलिस्ट, भोपाल के 2 हॉस्पिटल पर FIR