नोबेल शांति पुरस्कार पर ट्रंप का बड़ा दावा, बोले- ‘8 युद्ध खत्म कराए, मैं डींग नहीं मार रहा’
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप
Nobel Peace Prize: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का नोबेल शांति पुरस्कार का सपना आज भी जिंदा है. वह हर हाल में इसे पाना चाहते हैं. यही वजह है कि वे इसको लेकर लंबे समय से दावेदारी कर रहे हैं. इसके लिए बाकायदा उन्होंने दो बार आवेदन भी किया है. हालांकि उनका यह सपना अब तक पूरा नहीं हो पाया है. लेकिन इसको पाने की हसरत आज भी जिंदा है.
इन सब के बीच ट्रंप ने ने एक बार फिर नोबेल शांति पुरस्कार को लेकर अपनी दावेदारी पेश की है. बुधवार को व्हाइट हाउस के ओवल ऑफिस में उन्होंने कहा कि उन्होंने 8 युद्ध खत्म कराने में भूमिका निभाई है. उनके मुताबिक, ऐसा काम किसी दूसरे अमेरिकी राष्ट्रपति ने नहीं किया है.
ट्रंप ने क्या-क्या कहा?
ट्रंप ने कहा कि वह अपनी उपलब्धियों को बढ़ा-चढ़ाकर पेश नहीं कर रहे, बल्कि सिर्फ तथ्यों की बात कर रहे हैं. उन्होंने दावा किया कि उन्होंने आठ बड़े संघर्षों को सुलझाया और कई लोगों की जान बचाने में मदद की. ट्रंप ने यह भी संकेत दिया कि उनके शांति प्रयास अभी जारी हैं. एक और संघर्ष को खत्म कराने की दिशा में काम चल रहा है. यह इशारा मौजूदा अमेरिका-ईरान संघर्ष की ओर माना जा रहा है.
नोबेल ऐलान से ठीक एक दिन पहले दिया बयान
नोबेल पुरस्कार को लेकर ट्रंप ने कहा कि उन्हें नहीं पता कि नॉर्वे की नोबेल समिति इस बार क्या फैसला करेगी. हालांकि, उन्होंने यह जरूर कहा कि अगर उन्हें पुरस्कार नहीं दिया जाता है तो यह समिति के लिए निराशाजनक बात होगी. 2026 के नोबेल शांति पुरस्कार का ऐलान 9 अक्टूबर को होना है.
ट्रंप ने अपने दावे को मजबूत करने के लिए पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि ओबामा को 2009 में राष्ट्रपति बनने के शुरुआती दौर में ही नोबेल शांति पुरस्कार मिल गया था, जबकि उनके मुताबिक ओबामा ने ऐसा कोई बड़ा काम नहीं किया था.
क्यों खास है ट्रंप का यह बयान
ट्रंप का यह बयान ऐसे समय आया है जब नोबेल शांति पुरस्कार की घोषणा में सिर्फ एक दिन बचा है. ऐसे में उनकी ताजा टिप्पणी को पुरस्कार के लिए अपनी दावेदारी को फिर से जोरदार तरीके से सामने रखने की कोशिश माना जा रहा है.
ये भी पढ़ें: गाजा का बदला चाहता था ओमानी पॉयलट, कैप्टन स्मित पर हमले के पूरे प्लान का खुलासा