Bhopal: न्यू मार्केट में आग के बाद निगम की सख्ती! टीटी नगर स्टेडियम के पास शिफ्ट होंगे हॉकर्स, रोज होगी फायर मॉकड्रिल
भोपाल न्यू मार्केट में आग के बाद सख्ती
Bhopal News: भोपाल के न्यू मार्केट में 8 अक्टूबर को लगी भीषण आग के बाद नगर निगम ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की तैयारी शुरू कर दी है. नो-व्हीकल जोन में कारोबार करने वाले रेहड़ी और हॉकर्स को स्थायी रूप से टीटी नगर स्टेडियम के पास स्थित हाट बाजार में शिफ्ट किया जाएगा. इसके साथ ही रोजाना फायर मॉकड्रिल और दुकानों के सामने पीली लाइन की दोबारा मार्किंग होगी.
हॉकर्स के विस्थापन और फुटपाथों को लेकर फैसला
इन व्यवस्थाओं को लेकर मंगलवार को नगर निगम अधिकारियों और न्यू मार्केट व्यापारी संघ के पदाधिकारियों की बैठक हुई. इसमें फुटपाथों पर निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करने, अतिक्रमण हटाने और दुकानों के सामने पीली लाइन की दोबारा मार्किंग करने पर सहमति बनी. आग बुझाने की तैयारियों को परखने के लिए फायर वाहन से प्रतिदिन मॉकड्रिल भी की जाएगी.
दुकानों में विद्युत ऑडिट कराना अनिवार्य
बैठक में 45 और 36 चबूतरों पर स्थित दुकानों के हाइड्रेंट सिस्टम का बेहतर रखरखाव करने का निर्णय लिया गया. जनभागीदारी से न्यू मार्केट में फायर हाइड्रेंट सिस्टम स्थापित करने पर भी सहमति बनी. व्यापारियों को दुकानों का विद्युत ऑडिट अनिवार्य रूप से कराने के निर्देश दिए गए. बैठक में उपायुक्त भुवन गुप्ता, फायर ऑफिसर सौरभ पटेल और व्यापारी संघ के पदाधिकारी मौजूद रहे.
आग में पांच दुकानें और 12 से ज्यादा रेहड़ियां जलीं
8 अक्टूबर को बालाजी छोटे भटूरे की दुकान में लगी आग ने आसपास की पांच बड़ी दुकानों और 12 से अधिक रेहड़ियों को चपेट में ले लिया था. हादसे में करीब 10 करोड़ों रुपये से ज्यादा के नुकसान की बात सामने आई थी. घटनास्थल से करीब 100 फीट की दूरी पर छोले-भटूरे की दो दुकानें और नमकीन की दुकानें भी हैं, जहां सुबह से रात तक भट्ठियां जलती हैं.
दूसरे बाजारों में भी सुरक्षा इंतजामों पर सवाल
चौक बाजार और इब्राहिमपुरा में 22 लाख रुपये की लागत से भूमिगत फायर हाइड्रेंट सिस्टम लगाया गया था, लेकिन जुलाई 2026 में नेमा डिजाइनर स्टूडियो में आग के दौरान यह काम नहीं आया. वहीं, बैरागढ़ के संत हिरदाराम शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में 2017 की आग में 100 से अधिक कपड़ा दुकानें जल गई थीं. इसके बाद लगाए गए सुरक्षा उपकरणों के रखरखाव और नियमित मॉकड्रिल पर भी सवाल उठते रहे हैं.
ये भी पढे़ं- भोपाल के न्यू मार्केट में भीषण आग, व्यापारियों का 10 करोड़ का सामान जलकर राख