Kitchen Dustbin Smell: किचन के डस्टबिन से आ रही बदबू? ये 5 घरेलू उपाय करेंगे जड़ से खत्म
किचन डस्टबिन
Kitchen Dustbin Smell: अक्सर किचन में घुसते ही एक अजीब सी महक महसूस होती है, भले ही आपने अभी-अभी पूरा किचन साफ किया हो. कुकर की सीटी, तड़के की खुशबू के बीच वो सड़ी हुई सी गंध पूरे मूड को खराब कर देती है. कई लोगों को लगता है कि ये बदबू सिंक या नाली से आ रही है, लेकिन असली गुनहगार आपका डस्टबिन होता है. दिन भर में जो भी कचरा निकलता है, वो सब इसी एक डिब्बे में जाता है.
हाइजीन पर पड़ता है असर
ऊपर से अगर ढक्कन बंद हो तो अंदर नमी और गर्मी की वजह से बैक्टीरिया तेजी से बढ़ते हैं. यही वजह है कि सुबह फेंका हुआ कचरा शाम तक बदबू मारने लगता है. इसका असर सिर्फ नाक पर नहीं, खाने के स्वाद और घर की हाइजीन पर भी पड़ता है. तो चलिए जानते हैं बिना किसी महंगे स्प्रे या केमिकल के, घर में मौजूद चीजों से डस्टबिन की बदबू को जड़ से खत्म करने के आसान तरीके.
गीले कचरे को सूखे से कभी मिक्स न करें
सबसे बड़ी गलती हम यही करते हैं. सब्जी के गीले छिलके, दाल-चावल का बचा हुआ पानी और फल के टुकड़े – ये सब अगर सूखे कागज और पैकेट के साथ मिल जाएं तो सड़न और तेज हो जाती है. बेहतर है कि गीला कचरा हमेशा अलग पॉलीथिन में बांधकर फेंकें. खासकर नॉन-वेज का कचरा तो उसी दिन घर से बाहर निकालना ही चाहिए.
डस्टबिन के नीचे बिछा दें अखबार और सोडा
नया बैग लगाने से पहले डस्टबिन की तली में एक अखबार की परत बिछा लें और उसके ऊपर आधा चम्मच खाने वाला सोडा छिड़क दें.अखबार लीकेज को सोख लेगा और सोडा बदबू को पनपने नहीं देगा. ये तरीका होटल वाले भी अपनाते हैं.
संतरे और नींबू का कचरा बनेगा परफ्यूम
अक्सर हम चाय बनाने के बाद नींबू और संतरे के छिलके डस्टबिन में ही डाल देते हैं, लेकिन उन्हें सही तरीके से रखना होता है. छिलकों को छोटे-छोटे टुकड़ों में काटकर डस्टबिन के कोने में रख दें. इनकी नैचुरल सिट्रस स्मेल कचरे की गंध को ओवरपावर कर देती है. 2 दिन से ज्यादा इन्हें न रखें, नहीं तो ये खुद ही बदबू देने लगेंगे.
सफाई अंदर से भी जरूरी है
हम रोज कचरा निकाल लेते हैं लेकिन डस्टबिन को धोना भूल जाते हैं. हफ्ते में एक बार डस्टबिन को खाली करके गर्म पानी, थोड़ा सा सिरका और लिक्विड सोप से रगड़कर धोएं. धूप में सूखने के बाद ही नया बैग लगाएं. धूप बैक्टीरिया को मारने का सबसे सस्ता और नेचुरल तरीका है.
खुशबू के लिए कपूर और लौंग का देसी जुगाड़
अगर आपको एसेंशियल ऑयल महंगा लगता है तो एक छोटा सा देसी नुस्खा अपनाएं. एक छोटी कपड़े की पोटली में 2-3 लौंग और एक छोटा कपूर का टुकड़ा रखकर डस्टबिन के ढक्कन के अंदर टेप से चिपका दें. इससे हर बार ढक्कन खोलने पर हल्की सी फ्रेश खुशबू आएगी और मक्खियां भी दूर रहेंगी.
आखिर में समझने वाली बात
बदबू को दबाने से बेहतर है उसे बनने ही न दें. कचरा रोज निकालें, गीला और सूखा अलग रखें और डस्टबिन की सफाई को अपनी डेली रूटीन का हिस्सा बनाएं. इन 5 छोटी आदतों से आपका किचन हमेशा महकता रहेगा, बदबूदार नहीं लगेगा.