MLC Chunav: बिहार-यूपी समेत 4 राज्यों की 28 सीटों पर वोटिंग, पटना में रोचक मुकाबला, 27 अक्टूबर को आएंगे नतीजे
MLC चुनाव 2026
MLC Chunav 2026 Live Updates: देश में बिहार-यूपी समेत 4 राज्यों की 28 सीटों पर एमएलसी चुनाव के लिए वोटिंग शुरू हो गई है. जिसमें यूपी की 11, बिहार की 8, कर्नाटक की 4 और महाराष्ट्र की 5 सीटें शामिल हैं. चारों राज्यों में सुबह 8 बजे से मतदान शुरू हो गया है, जो शाम 4 बजे तक चलेगा. सभी सीटों के परिणाम 27 अक्टूबर को जारी होंगे.
बिहार एमएलसी चुनाव में पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में मुकाबला काफी रोचक हो गया है. क्योंकि यह चुनाव जेडीयू के नीरज कुमार और मोकामा विधायक अनंत सिंह के बीच प्रतिष्ठा की लड़ाई बन गया है. यहां पर नीरज कुमार के खिलाफ अनंत सिंह ने मोर्चा खोल दिया है. एक ओर नीरज कुमार अपनी सीट बचाने की कोशिश में हैं, तो वहीं दूसरी तरफ अनंत सिंह अपनी प्रतिष्ठा की लड़ाई मान रहे हैं.
बिहार विधान परिषद की 8 सीटों पर मतदान जारी है. यहां 4 स्नातक और 4 शिक्षक निर्वाचन सीटों पर वोटिंग हो रही है. जिसमें 150 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं. लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की है, क्योंकि यहां पर अनंत सिंह और नीरज कुमार की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है.
4 राज्यों की 28 सीटों पर वोटिंग
यूपी-बिहार के साथ ही महाराष्ट्र में भी वोटिंग जारी है. यहां की पांच सीटों पर मतदान हो रहा है. जिनमें तीन स्नातक और दो शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं. वहीं कर्नाटक की चार सीटों में दो स्नातक और दो शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में मतदान शुरू है.
ये भी पढ़ेंः ‘तिरंगा फहराने के लिए अनुमति की जरूरत नहीं’, नेहा बोरा की याचिका पर फैसला कल, HC में सरकार ने क्या दलील दी?
27 अक्टूबर को आएगा रिजल्ट
सभी 28 एमएलसी सीटों पर जहां चुनाव हो रहा है. परिणाम 27 अक्टूबर को आएंगे. सभी सीटों के लिए चुनाव प्रक्रिया 31 अक्टूबर तक पूरी की जानी है. एमएलसी चुनावों में स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के पंजीकृत मतदाता अपने प्रतिनिधि चुनते हैं.