अनंत सिंह को JDU ने दिखाया बाहर का रास्ता, पत्नी को भी 6 साल के लिए निकाला, MLC चुनाव में बगावत पर एक्शन

पार्टी की तरफ से जारी आदेश में कहा गया है कि शीर्ष नेतृत्व को लेकर अनंत सिंह ने हाल के समय में अमर्यादित और आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया था.
Anant Singh

मोकामा विधायक अनंत सिंह

JDU Expels Anant Singh: बिहार की राजनीति से जुड़ी इस वक्त बड़ी खबर आ रही है. जनता दल यूनाइटेड (JDU) ने मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह को पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया है. पार्टी ने अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी को भी 6 साल के लिए निकाल दिया है. नीतीश कुमार की पार्टी ने हालिया एमएलसी चुनाव में बगावत करने पर अनंत सिंह के खिलाफ ये एक्शन लिया है.

प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा की तरफ से जारी आदेश में कहा गया है कि जनता दल (यूनाइटेड) ने मोकामा के विधायक अनंत सिंह की प्राथमिक सदस्यता तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी है और उन्हें 6 साल के लिए पार्टी से बाहर कर दिया है. पार्टी ने बिहार विधानसभा अध्यक्ष से यह सिफारिश भी की है कि भारतीय संविधान की दसवीं अनुसूची के तहत अनंत कुमार सिंह की विधायक सदस्यता रद्द कर दी जाए.

अनंत सिंह की पत्नी भी निष्कासित

इसके अलावा, पार्टी ने अनंत सिंह की पत्नी और पूर्व विधायक नीलम देवी को भी पार्टी-विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में 6 साल के लिए पार्टी से निकाल दिया है.

ये भी पढ़ें: ‘पार्टी जो करना चाहे करे…’, JDU की कार्रवाई पर अनंत सिंह का दो टूक जवाब, नहीं कम हो रही नाराजगी

पिछले कुछ समय से अनंत सिंह लगातार पार्टी के खिलाफ बयान दे रहे थे. जेडीयू की तरफ से जारी आदेश में कहा गया है कि शीर्ष नेतृत्व को लेकर अनंत सिंह ने हाल के समय में अमर्यादित और आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया था.

जन सुराज उम्मीदवार का किया समर्थन

बता दें कि बिहार एमएलसी चुनाव में पार्टी के उम्मीदवार नीरज कुमार का समर्थन न करके जन सुराज के अनुज सिंह का खुलकर समर्थन किया. वहीं एमएलसी चुनाव के लिए हुए मतदान के बाद अनंत सिंह ने दावा किया कि नीरज कुमार अपनी सीट नहीं बचा पाएंगे.

इसके पहले, अनंत सिंह ने पूर्व सीएम नीतीश कुमार को लेकर ऐसा बयान दिया था, जिसके बाद बिहार की सियासत गरमा गई थी. दरअसल, अनंत सिंह ने कहा था कि उन्‍होंने नीतीश कुमार के लिए कई बलिदान द‍िए हैं. उनके साथ रहते हुए 9 लोगों की हत्या करवाई. हालांकि, बाद में अनंत सिंह अपने बयान से पलट गए और उन्होंने कहा कि जब लालू यादव की सरकार थी तब उनके 9 लोग मरवा दिए गए और उन्हें भी गोली लगी थी.

ज़रूर पढ़ें