भोपाल में मां राजराजेश्वरी कोटि हरिद्रा कुंकुमार्चन अनुष्ठान, 7 चौराहों पर ट्रैफिक डायवर्ट, जानें नया रूट
भोपाल ट्रैफिक डायवर्जन
Bhopal Traffic Diversion: राजधानी भोपाल के लाल परेड मैदान में आज मां राजराजेश्वरी कोटि हरिद्रा कुंकुमार्चन अनुष्ठान का एक बड़ा कार्यक्रम आयोजित होने जा रहा है. इस खास मौके पर 50 हजार श्रद्धालु 1 करोड़ अर्चन करेंगे. इस विशाल कार्यक्रम की तैयारियां भी पूरी हो चुकी हैं और देश के अलग-अलग राज्यों से भक्त लाल परेड ग्राउंड पहुंच रही हैं. बता दें कि आज शाम 7 बजे से कुंकुमार्चन अनुष्ठान की शुरुआत होगी, जो करीब 2.3 घंटे तक चलेगी.
वहीं इस विशाल कार्यक्रम को देखते हुए प्रशासन ने भोपाल के 7 चौराहों पर ट्रैफिक डायवर्ट किया है. ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, दोपहर 3 बजे से कुल 7 चौराहों का रास्ता डायवर्ट किया जाएगा. ऐसे में लोगों के लिए यह जानना बहुत जरूरी है कि किन रास्तों का मार्ग डायवर्ट किया गया है, ताकि आवागमन में किसी भी तरह की कोई समस्या न हो.
दूसरे जिलों से पहुंचेंगे हजारों श्रद्धालु
लाल परेड ग्राउंड में सुबह से ही लोगों की भीड़ देखने को मिल रही है. मां राजराजेश्वरी कोटि हरिद्रा कुंकुमार्चन अनुष्ठान कार्यक्रम में शामिल होने के लिए राज्य के दूसरे जिलों से लगभग 25 हजार श्रद्धालु पहुंच रहे हैं. बताया जा रहा है कि इस भव्य कार्यक्रम की लिए करीब 100 बसें, 4 हजार से अधिक कारें और लगभग 8 हजार दो पहिया वाहनों से श्रद्धालु आएंगे. श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने स्पेशल यातायात व्यवस्था की है. इस कारण कई मार्गों और रास्तों पर आवागमन प्रभावित रहेगा.
इन मार्गों पर रहेगा दबाव
रोशनपुरा, भारत टॉकीज, संगम तिराहा और लिली टॉकीज, जिंसी चौराहा एमपी नगर चौराहा सहित 7 प्रमुख चौराहों पर यातायात का दबाव बढ़ने की संभाना है. एमपी नगर, हबीबगंज और बीआरटीएस मार्ग से आने वाले वाहन चालक लिंक रोड नंबर-1, रोशनपुरा और बाणगंगा होकर अपने गंतव्य तक जा सकेंगे.
वैकल्पिक मार्गों से आवागमन की सलाह
एयरपोर्ट और वीआईपी रोड की ओर जाने वाले लोगों को लिंक रोड और बाणगंगा मार्ग का उपयोग करने की सलाह दी गई है. रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-6 और नादरा बस स्टैंड जाने वाले वाहन चालक भी निर्धारित वैकल्पिक रास्तों से आवागमन कर सकेंगे. इमरजेंसी सेवाओं के वाहनों को आवश्यकतानुसार छूट दी जाएगी.