CG News: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड के तुमान क्षेत्र में आयोजित सुशासन तिहार समाधान शिविर के दौरान भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) कार्यालय में पदस्थ सहायक ग्रेड-2 प्रदीप मिश्रा को 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है.
सेवानिवृत्त शिक्षक से मांगी थी रिश्वत
मिली जानकारी के मुताबिक, सेवानिवृत्त शिक्षक अमृतलाल बघेल का एक विभागीय मामला लंबे समय से लंबित था. आरोप है कि संबंधित कार्य को पूरा करने के लिए प्रदीप मिश्रा ने उनसे 40 हजार रुपये की मांग की थी. बार-बार रिश्वत मांगे जाने से परेशान होकर शिक्षक ने इस संबंध में बिलासपुर स्थित ACB कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी.
योजना बनाकर की गई कार्रवाई
शिकायत मिलने के बाद ACB ने मामले का सत्यापन किया और पूरी योजना के तहत कार्रवाई की तैयारी की. शुक्रवार को तुमान में आयोजित सुशासन तिहार समाधान शिविर के दौरान शिक्षक ने अधिकारियों के निर्देशानुसार केमिकल लगे 40 हजार रुपये आरोपी को सौंप दिए. जैसे ही प्रदीप मिश्रा ने रकम स्वीकार की, पहले से निगरानी कर रही ACB टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया.
पूछताछ के बाद शुरू हुई कानूनी प्रक्रिया
यह कार्रवाई बिलासपुर ACB के डीएसपी अजितेश सिंह के नेतृत्व में की गई. गिरफ्तारी के बाद आरोपी को पूछताछ के लिए शिविर स्थल के पास एक कक्ष में ले जाया गया. टीम ने रिश्वत की पूरी राशि बरामद कर ली है और आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.
कार्रवाई से मचा हड़कंप
गौरतलब है कि सुशासन तिहार शिविर का उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान और प्रशासनिक व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करना है. ऐसे आयोजन के दौरान ही रिश्वतखोरी का मामला उजागर होने से प्रशासनिक हलकों में हलचल मच गई. कार्रवाई की खबर फैलते ही शिविर में मौजूद लोग भी हैरान रह गए. क्षेत्र में ACB की इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ एक सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है.
